government-release-jpsc-jssc-exam-calendar

JPSC-JSSC परीक्षा कैलेंडर 15 दिनों में जारी करे सरकार, नहीं तो आंदोलन तेज करेगी आजसू

Share
Link copied
government-release-jpsc-jssc-exam-calendar
government-release-jpsc-jssc-exam-calendar

रांची: रांची स्थित आजसू के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी ने JPSC-JSSC परीक्षाओं में देरी, छात्र आंदोलन, मजदूरों की सुरक्षा, पलायन और विदेशों में फंसे झारखंड के प्रवासी मजदूरों के मुद्दे पर राज्य सरकार को घेरा। आजसू के केंद्रीय महासचिव संजय मेहता ने आरोप लगाया कि सरकार इन गंभीर मुद्दों पर लापरवाही बरत रही है और जनता से किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही है।

संजय मेहता ने कहा कि परीक्षा सुधार के लिए सरकार ने छात्रों से तीन महीने का समय मांगा था, लेकिन समय बीतने के बावजूद JPSC अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति, परीक्षा कैलेंडर जारी करने तथा आगामी परीक्षाओं को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। उन्होंने मांग की कि सरकार अगले 15 दिनों के भीतर परीक्षा कैलेंडर जारी करे। साथ ही राज्य में विभिन्न विभागों के रिक्त पदों की वास्तविक संख्या सार्वजनिक करने के लिए श्वेत पत्र जारी किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आजसू छात्र आंदोलन में शामिल होकर इसे और तेज करेगी।

मजदूरों की स्थिति पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में औद्योगिक दुर्घटनाओं में लगातार मजदूरों की जान जा रही है, लेकिन कंपनियों की सुरक्षा व्यवस्था का ऑडिट नहीं कराया जा रहा है। उन्होंने सऊदी अरब और दुबई में फंसे तथा मृत झारखंडी प्रवासी मजदूरों का मुद्दा भी उठाया। मेहता ने मांग की कि विदेशों में रोजगार के लिए मजदूरों को भेजने वाली कंपनियों का सत्यापन और ऑडिट कराया जाए, ताकि मजदूरों के शोषण और असुरक्षा पर रोक लग सके।

प्रेस वार्ता में राज्य में बढ़ती गोलीबारी की घटनाओं, कानून-व्यवस्था की स्थिति और पत्रकारों पर कथित कार्रवाई को लेकर भी सरकार की आलोचना की गई। संजय मेहता ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर किसी भी तरह का हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सरकार को 15 दिनों का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि इस अवधि में उठाए गए मुद्दों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आजसू आंदोलन का रास्ता अपनाएगी।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।