PESA कानून के क्रियान्वयन को लेकर कांग्रेस की अहम बैठक, 60 फीसदी काम पूरा

रांची: मोरहाबादी स्थित राजकीय अतिथिशाला में मंगलवार को PESA पर्यवेक्षकों के साथ झारखंड प्रदेश कांग्रेस की महत्वपूर्ण तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश में PESA कानून के प्रभावी क्रियान्वयन, आदिवासी समाज के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा और ग्रामसभाओं को सशक्त बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही, पर्यवेक्षकों को आवंटित प्रखंडों में अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा भी की गई। बैठक में झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू, सह-प्रभारी भूपेंद्र मरावी, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, विधायक दल के नेता प्रदीप यादव सहित राज्य सरकार के मंत्री, सांसद और विधायक मौजूद रहे।
बैठक के बाद विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने बताया कि PESA पर्यवेक्षकों को अलग-अलग प्रखंडों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें संबंधित प्रखंडों के ग्रामसभा प्रधानों से संपर्क कर PESA नियमावली के तहत ग्रामसभाओं को मिले अधिकारों और जिम्मेदारियों की जानकारी देनी है। इसके अलावा ग्रामसभा सदस्यों को प्रशिक्षित कर कानून के प्रति जागरूक करना भी उनकी जिम्मेदारी है।
प्रदीप यादव ने बताया कि इस दिशा में अब तक करीब 60 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है, जबकि 40 प्रतिशत कार्य शेष है। बचे हुए कार्यों को पूरा करने के लिए आगे भी बैठकें और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर ग्रामसभा प्रधानों के साथ संवाद स्थापित करने की तैयारी की जा रही है।
वहीं, पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने कहा कि बैठक में पर्यवेक्षकों को सौंपे गए प्रखंडों में हुए कार्यों की समीक्षा की गई। PESA कानून को धरातल पर प्रभावी बनाने के लिए ग्रामसभा प्रधानों को उनके अधिकारों और जिम्मेदारियों से अवगत कराना जरूरी है। उन्होंने कहा कि ग्रामसभा प्रधानों और ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद स्थापित किए बिना कानून का सही तरीके से क्रियान्वयन संभव नहीं है।
बंधु तिर्की ने ग्रामसभा की महत्ता को समझने और उसके संवैधानिक अधिकारों का वास्तविक उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक में इस बात पर सहमति जताई गई कि ग्रामसभाओं को जागरूक और सशक्त बनाकर ही PESA कानून के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से जमीन पर उतारा जा सकता है।

लुगुबुरू घंटाबाड़ी धर्मगढ़ पहुंचे बाबूलाल मरांडी, पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की
बोकारो: झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी बोकारो जिले के ललपनिया स्थित संथाल आदिवासी समाज के प्रमुख धार्मिक…

कार्तिक पूर्णिमा पर केतुंगा धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, त्रिवेणी संगम में किया दीपदान
सिमडेगा: कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बानो के केतुंगा धाम स्थित देव नदी माल्गो के त्रिवेणी संगम में सोमवार सुबह श्रद्धालुओं की…

















