इंकार का खामियाजा जान देकर चुकानी पड़ी ..शीला से एकतरफा प्यार करने वाला बन गया हैवान
परिजनों का आरोप- एक साल से शीला को परेशान कर रहा था बासुदेव मंडल, घर में आग लगाने और सूरत तक पीछा करने का भी लगाया आरोप; ससुर-बहू की हत्या का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
गिरिडीह। गिरिडीह के पचम्बा थाना क्षेत्र के रानीखावा-सुंदितोला में सोमवार तड़के हुए दोहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके को दहला दिया। यहां धारदार हथियार (टांगी) से हमला कर बुजुर्ग शुकर मंडल और उनकी बहू शीला देवी की हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात में मुख्य आरोपी बासुदेव मंडल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में मृतका शीला देवी की मां कलावती देवी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि बासुदेव मंडल पिछले करीब एक साल से उनकी बेटी को परेशान कर रहा था। वह कथित तौर पर शीला पर गलत नजर रखता था और घर में अकेला पाकर उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश करता था। शीला लगातार उसका विरोध कर रही थी। परिजनों का आरोप है कि इसी रंजिश में आरोपी ने आखिरकार दो लोगों की जान ले ली।
घर में आग लगाने से लेकर सूरत तक पीछा करने का आरोप
कलावती देवी के मुताबिक, शीला के विरोध से नाराज होकर बासुदेव ने एक बार उसके घर में आग लगा दी थी। इस घटना के बाद शीला अपने पति के पास सूरत चली गई थी। हालांकि, परिजनों का आरोप है कि बासुदेव ने वहां भी उसका पीछा किया और उस पर दबाव बनाने की कोशिश की। बताया गया कि शीला ने पूरी घटना अपने पति और ससुराल के लोगों को बताई थी। इसके बाद दुर्गापूजा के दौरान आरोपी के खिलाफ थाने में शिकायत भी की गई थी। परिजनों के अनुसार, उस समय आरोपी ने माफी मांगी थी और बांड भरने की कार्रवाई भी हुई थी। परिवार को लगा था कि अब मामला शांत हो जाएगा, लेकिन कुछ समय बाद फिर हिंसक वारदात हो गई।
ससुर पर हमला हुआ तो बचाने पहुंची शीला
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार तड़के बासुदेव एक बार फिर शीला के घर पहुंचा। वहां पहले उसका शुकर मंडल के साथ विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान उसने धारदार हथियार से शुकर मंडल पर हमला कर दिया।
ससुर पर हमला होते देख शीला उन्हें बचाने के लिए आगे आई। लेकिन आरोपी ने उस पर भी टांगी से ताबड़तोड़ वार कर दिया। हमले में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा। पुलिस ने हत्या में धारदार हथियार के इस्तेमाल की पुष्टि की है। डीएसपी आरके राणा ने बताया कि ससुर और बहू की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी बासुदेव मंडल को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पुलिस हिरासत में पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या के पीछे तत्काल विवाद क्या था और वारदात को किन परिस्थितियों में अंजाम दिया गया।
कई सवालों के जवाब तलाश रही पुलिस
इस दोहरे हत्याकांड में अब पुलिस के सामने कई अहम सवाल हैं। क्या पहले दर्ज शिकायत और कथित बांड के बावजूद आरोपी पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई थी? क्या आरोपी लगातार शीला को परेशान कर रहा था? घर में आग लगाने और सूरत तक पीछा करने के आरोपों की पुलिस ने पहले जांच की थी या नहीं?

ब्राउन शुगर की लत से परेशान युवक ने खुद को किया घायल, सदर अस्पताल में चल रहा इलाज
निर्मल सिंह गुमला: ब्राउन शुगर की लत और नशा नहीं मिलने से हुई बेचैनी के बीच 27 वर्षीय युवक ने मंगलवार को…
कार्तिक पूर्णिमा पर स्वर्णरेखा नदी में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, आस्था की डुबकी लगाकर इक्कीसी महादेव की कर रहे पूजा-अर्चना
रांची: कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर राजधानी रांची के चुटिया स्थित स्वर्णरेखा नदी तट पर मंगलवार सुबह से ही श्रद्धालुओं का…

झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र, MMDR और SIR पर सत्ता पक्ष-विपक्ष में आर-पार की लड़ाई के आसार
रांची: झारखंड विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र 25 और 26 नवंबर को आयोजित होने जा रहा है। केंद्र सरकार के MMDR…


















