पारंपरिक ग्राम व्यवस्था के संरक्षकों का सम्मान, डीसी मंजूनाथ भजन्त्री ने अंगवस्त्र और पौधा देकर किया सम्मानित

रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत मंगलवार को रांची के राजकीय अतिथिशाला, सर्कुलर रोड में पारंपरिक ग्राम व्यवस्था के संरक्षकों के सम्मान में जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने मानकी, मुंडा, ग्राम प्रधान, पड़हा राजा, जोगमाझी, नायकी, दिउरी, घटवाल, तावेदार सहित विभिन्न पारंपरिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों को अंगवस्त्र और पौधा भेंट कर सम्मानित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि झारखंड की पहचान उसकी समृद्ध पारंपरिक व्यवस्थाओं और ग्राम स्तर की स्वशासन प्रणाली से जुड़ी है। इन व्यवस्थाओं के संरक्षकों का सम्मान राज्य की सांस्कृतिक जड़ों को मजबूत करने का प्रतीक है। उन्होंने ग्रामीण विकास में पारंपरिक प्रतिनिधियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए सामुदायिक एकता और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की अपील की।
उपायुक्त ने कहा कि सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, नियमित निगरानी और ग्रामीणों की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने गांवों में लंबित भूमि विवादों का शीघ्र और न्यायसंगत समाधान करने तथा आदिवासी भूमि के संरक्षण के लिए कानूनी प्रावधानों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने हड़िया में हानिकारक रसायनों के इस्तेमाल पर रोक लगाने, कुपोषण उन्मूलन और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता भी बताई। उपायुक्त ने कहा कि बच्चों और गर्भवती महिलाओं को कुपोषण से बचाने के लिए सरकारी योजनाओं का सही क्रियान्वयन और आंगनबाड़ी केंद्रों की सक्रियता जरूरी है। वहीं, बाल विवाह रोकने के लिए प्रशासन के साथ पंचायतों, सामाजिक संगठनों और आम लोगों को मिलकर प्रयास करना होगा।
उन्होंने पारंपरिक ग्राम व्यवस्था के प्रतिनिधियों से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने और गांवों की समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। साथ ही आश्वस्त किया कि ग्रामीण विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत, अपर समाहर्ता रामनारायण सिंह, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। यह आयोजन 15 से 28 नवंबर तक चल रहे राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत किया गया।

इंकार का खामियाजा जान देकर चुकानी पड़ी ..शीला से एकतरफा प्यार करने वाला बन गया हैवान
परिजनों का आरोप- एक साल से शीला को परेशान कर रहा था बासुदेव मंडल, घर में आग लगाने और सूरत तक पीछा…

रांची में जिला स्तरीय आदिवासी नृत्य प्रतियोगिता आयोजित, राज्य स्तरीय मुकाबले के लिए एक दल का चयन
रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा 2026 के तहत मंगलवार को जिला स्कूल, रांची में जिला स्तरीय पारंपरिक आदिवासी नृत्य प्रतियोगिता का…

















