police-encounter-rahul-dubey-gang-chatra

चतरा में राहुल दुबे गैंग से पुलिस की मुठभेड़, कुख्यात शूटर आनंद कुमार को लगी गोली; आम्रपाली AVS और चौपारण गोलीकांड में था वांछित

Share
Link copied

टंडवा के जंगल में बुधवार अहले सुबह हुई मुठभेड़, पुलिस ने लोडेड हथियार, तीन जिंदा कारतूस और खोखे किए बरामद; घायल अपराधी को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर किया गया

चतरा। झारखंड में राहुल दुबे गैंग के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज हो रहा है। हजारीबाग के बाद अब चतरा के टंडवा में पुलिस और राहुल दुबे गैंग के अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई है। बुधवार (25 नवंबर) की अहले सुबह हुई इस मुठभेड़ में गैंग का कुख्यात शूटर आनंद कुमार पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोली लगने से घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी है। पुलिस ने घटनास्थल से एक लोडेड हथियार, तीन जिंदा कारतूस और खाली खोखे बरामद किए हैं। जानकारी के अनुसार, मुठभेड़ सुबह करीब तीन से साढ़े चार बजे के बीच आम्रपाली परियोजना क्षेत्र के होन्हे गांव से गोड़वाइर जाने वाले रास्ते पर जंगल में हुई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गैंग के कुछ अपराधी टंडवा थाना क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में छापेमारी अभियान चलाया। इसी दौरान पुलिस का सामना अपराधियों से हो गया। दोनों तरफ से फायरिंग शुरू हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आनंद कुमार को गोली लगी।

आम्रपाली AVS और चौपारण गोलीकांड में मुख्य शूटर होने का आरोप

घायल आनंद कुमार चतरा सदर थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वह आम्रपाली AVS कंपनी के कार्यालय में हुई गोलीबारी और हजारीबाग जिले के चौपारण स्थित होटल एके इंटरनेशनल के बाहर हुए गोलीकांड में शामिल मुख्य शूटर है। इन दोनों घटनाओं में उसकी संलिप्तता की जांच की जा रही है। मुठभेड़ के बाद घायल अपराधी को तत्काल चतरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे हजारीबाग सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

हजारीबाग में भी हुई थी राहुल दुबे गैंग से मुठभेड़

गौरतलब है कि सोमवार को हजारीबाग जिले के कटकमसांडी थाना क्षेत्र में डांटोखुर्द के पास रेबर गांव के चरेवा टांड में पुलिस और राहुल दुबे गैंग के सदस्यों के बीच मुठभेड़ हुई थी। उस दौरान पुलिस की गोली से गैंग के दो अपराधी घायल हुए थे। लगातार दो जिलों में हुई मुठभेड़ों के बाद राहुल दुबे गैंग के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई तेज मानी जा रही है। चतरा पुलिस अब गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।