अफीम की अवैध खेती पर रोक लगाने के लिए रांची में जागरूकता अभियान शुरू, 8 वाहन रवाना

रांची में अफीम की अवैध खेती पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने जनजागरूकता अभियान शुरू किया है। मंगलवार को मोरहाबादी मैदान से उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने संयुक्त रूप से आठ जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन जिले के ग्रामीण और सुदूरवर्ती इलाकों में भ्रमण कर लोगों को अफीम की खेती के दुष्परिणामों और इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी देंगे।
अभियान के दौरान लोगों को बताया जाएगा कि अफीम की अवैध खेती करना ही नहीं, बल्कि इसके लिए अपनी जमीन उपलब्ध कराना भी एनडीपीएस एक्ट के तहत दंडनीय अपराध है। इसके लिए 20 वर्ष तक की सजा अथवा आजीवन कारावास और जुर्माने का प्रावधान हो सकता है। प्रशासन ने लोगों से अधिक मुनाफे के लालच में अफीम की खेती नहीं करने और किसी को भी इस उद्देश्य से अपनी जमीन लीज या पट्टे पर नहीं देने की अपील की है।
प्रशासन ने अफीम की अवैध खेती या कारोबार से संबंधित सूचना पुलिस को देने की अपील करते हुए सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखने का भरोसा भी दिया है। साथ ही स्पष्ट किया है कि अवैध खेती में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों को जब्त करने के अलावा इससे अर्जित धन और संपत्तियों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। खेती, परिवहन और अवैध कारोबार में शामिल लोगों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी।
जागरूकता अभियान के माध्यम से लोगों को अफीम की खेती से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान के प्रति भी सचेत किया जाएगा। प्रशासन के अनुसार, इससे जमीन की उर्वरता प्रभावित होती है और तालाब, नदी तथा कुएं जैसे जल स्रोतों के दूषित होने का खतरा रहता है। इसके अलावा नशे की लत का युवाओं, परिवारों और समाज पर गंभीर दुष्प्रभाव पड़ता है।
जिला प्रशासन का उद्देश्य जनभागीदारी के जरिए अफीम की अवैध खेती पर रोक लगाना और ग्रामीण क्षेत्रों में नशामुक्त समाज के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। मौके पर ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय, डीएसपी मुख्यालय-1 अमर पांडेय सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

झारखंड विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र आज से शुरू: MMDR और SIR पर घमासान के आसार, सत्र से पहले भाजपा का प्रदर्शन
रांची, 25 नवंबर 2026: झारखंड विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र आज से शुरू हो रहा है। इस सत्र में MMDR संशोधन…

झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र के पहले दिन NDA का प्रदर्शन, सरकार से मांगा इस्तीफा
रांची: एमएमडीआर और एसआईआर के मुद्दे पर बुलाए गए झारखंड विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र की शुरुआत बुधवार को विपक्ष के…
















