रामरेखा धाम की धार्मिक, ऐतिहासिक और साहित्यिक विरासत को समेटे स्मारिका का विमोचन

सिमडेगा: श्रीरामरेखा धाम की धार्मिक आस्था, ऐतिहासिक विरासत, साहित्य और पर्यटन की विशेषताओं को एक साथ संजोने की पहल की गई है। द्वितीय राजकीय रामरेखा महोत्सव-2026 के अवसर पर तैयार स्मारिका का मंगलवार को समाहरणालय सभागार में विमोचन किया गया। उपायुक्त कंचन सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोटरे, उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी समेत अन्य अधिकारियों ने संयुक्त रूप से स्मारिका का विमोचन किया।
स्मारिका में रामरेखा धाम से जुड़ी धार्मिक मान्यताओं, रामायणकालीन कथाओं, ऐतिहासिक संदर्भों, साहित्यिक रचनाओं और जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों को विस्तार से प्रस्तुत किया गया है। साथ ही धाम में हो रहे विकास कार्यों और इसके संरक्षण के प्रयासों को भी स्थान दिया गया है।
स्मारिका में रामरेखा धाम की खोज और उसके विकास में बीरू राजघराने के योगदान का उल्लेख किया गया है। इसमें प्रचलित ऐतिहासिक विवरणों के अनुसार राजा हरिराम सिंह देव द्वारा 18वीं शताब्दी में इस स्थल की खोज किए जाने तथा बाद में राजा गजराज सिंह देव के समय भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण की प्रतिमाएं स्थापित किए जाने की जानकारी दी गई है। इसके अलावा स्वर्गीय आचार्य रमापति की साहित्यिक रचना ‘रामरेखा महात्म्य’ को भी स्मारिका में शामिल किया गया है। इसके माध्यम से धाम की धार्मिक महत्ता और आध्यात्मिक पहचान को साहित्यिक अभिव्यक्ति दी गई है।
स्मारिका का विशेष आकर्षण उपायुक्त कंचन सिंह द्वारा रचित ‘श्रीरामरेखा धाम स्तुति’ है। इस गीतात्मक रचना में भगवान श्रीराम के आदर्श, माता सीता की पवित्रता और भगवान लक्ष्मण की सेवा भावना का भावपूर्ण वर्णन किया गया है। इसमें रामरेखा धाम की प्राकृतिक सुंदरता और यहां स्थित धार्मिक स्थलों की महिमा को भी शब्दों में पिरोया गया है।
स्मारिका में पाकरटांड़ प्रखंड स्थित रामरेखा धाम की भौगोलिक और धार्मिक विशेषताओं को भी विस्तार से बताया गया है। समुद्र तल से लगभग 1312 फीट की ऊंचाई पर स्थित यह धाम जिला मुख्यालय से करीब 26 किलोमीटर दूर है। यहां की प्राकृतिक गुफा, सीता चूल्हा, गुप्त गंगा, लक्ष्मण कुंड, अग्नि कुंड, धनुषाकार कुंड और चरण चिह्नों से जुड़ी मान्यताओं को इसमें शामिल किया गया है। कार्तिक पूर्णिमा पर लगने वाले विशाल मेले की महत्ता का भी उल्लेख है।
इसके साथ ही सिमडेगा जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों, प्राकृतिक संपदा और सांस्कृतिक विविधता को भी जगह दी गई है। स्मारिका में धाम के विकास कार्यों को दर्शाते हुए इस बात पर जोर दिया गया है कि धार्मिक और ऐतिहासिक विरासत को सुरक्षित रखते हुए श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए सुविधाओं का विस्तार किया जाना चाहिए।
कुल मिलाकर, यह स्मारिका रामरेखा धाम की धार्मिक पहचान, सिमडेगा के इतिहास, साहित्य और पर्यटन की संभावनाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण पहल है। इससे जिले की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को व्यापक पहचान मिलने की उम्मीद है।

आयुक्त विजय कुमार गुप्ता की बेटी की शादी में शामिल हुए सीएम हेमंत सोरेन, नवदंपति को दिया आशीर्वाद
रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बुधवार को अपनी पत्नी सह विधायक कल्पना सोरेन के साथ रांची के होटल लेमन ट्री पहुंचे। यहां उन्होंने…

भुरकुंडा अपहरण कांड का 24 घंटे में खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार; अपहृत कमलेश ठाकुर सकुशल बरामद
भुरकुंडा थाना से महज 50 मीटर की दूरी पर दिनदहाड़े हुई थी वारदात, रांची रिंग रोड के पास पुलिस ने की कार्रवाई…

















