सिमडेगा की 143 प्रशिक्षित दाइयों को मिली डिलीवरी किट, दुर्गम गांवों में सुरक्षित प्रसव को मिलेगा बढ़ावा

सिमडेगा: जिले के दुर्गम और सुदूरवर्ती गांवों में गर्भवती महिलाओं को प्रसव के दौरान बेहतर सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल की है। झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत स्वास्थ्य विभाग ने DMFT मद से जिले की 143 प्रशिक्षित पारंपरिक दाइयों के बीच विशेष डिलीवरी किट का वितरण किया। उपायुक्त कंचन सिंह ने दाइयों को किट प्रदान करते हुए उन्हें मातृ एवं नवजात शिशु की सुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
इस दौरान उपायुक्त ने कहा कि प्रसव के समय मां और नवजात शिशु दोनों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशिक्षित दाइयां अपने प्रशिक्षण का सही उपयोग करें और स्वच्छता तथा सुरक्षित प्रसव से जुड़ी सावधानियों का पालन करें। उन्होंने गर्भवती महिलाओं और उनके परिजनों को संस्थागत प्रसव के लिए जागरूक करने पर भी जोर दिया। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्वास्थ्य विभाग और संबंधित स्वास्थ्यकर्मियों से संपर्क करने की अपील की।
उपायुक्त ने कहा कि सिमडेगा के कई गांव पहाड़ी रास्तों, नदी-नालों और सीमित संपर्क मार्गों के कारण स्वास्थ्य केंद्रों से दूर हैं। विशेषकर बरसात के मौसम में गर्भवती महिलाओं को समय पर अस्पताल पहुंचाना चुनौतीपूर्ण हो जाता है। ऐसे में प्रशिक्षित दाइयों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने में प्रशिक्षित दाइयों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने दाइयों से अपने-अपने गांवों में गर्भवती महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, संस्थागत प्रसव अपनाने और समय पर अस्पताल पहुंचने के प्रति जागरूक करने की अपील की। इससे प्रसव संबंधी जटिलताओं को कम करने और मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने में मदद मिलेगी।
जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बेहतर बनाना और आपात परिस्थितियों में प्रशिक्षित सहयोग सुनिश्चित करना है। हालांकि, सुरक्षित प्रसव के लिए संस्थागत प्रसव को ही प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया है। मौके पर सिविल सर्जन डॉ. सुंदर मोहन सामद, जिला आपूर्ति पदाधिकारी नरेश रजक सहित अस्पताल प्रबंधन समिति के कर्मी उपस्थित थे।

राज्यसभा सांसद परिमल नाथवानी ने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से की शिष्टाचार मुलाकात
रांची: राज्यसभा सांसद परिमल नाथवानी ने झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच जनसेवा…

गढ़वा जिले के मेराल प्रखंड के हरादाग पंचायत मे लगा रोजगार मेला, लगभग 25 सरकारी, गैरसरकारी विभागो ने लिया भाग, कई बेरोजगारों को मिला नियुक्ति पत्र।
झारखंड सरकार के श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के निर्देश तथा निदेशालय, नियोजन एवं प्रशिक्षण, झारखंड, रांची के तत्वावधान में…
















