foundation-stone-laying-inauguration-1650-development

झारखंड की 1,650 विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन, मुख्यमंत्री ने कहा- 2050 तक राज्य को विकसित राज्यों की श्रेणी में लाना लक्ष्य

Share
Link copied
foundation-stone-laying-inauguration-1650-development
foundation-stone-laying-inauguration-1650-development

रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के समापन और राज्य सरकार के दूसरे कार्यकाल की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर शनिवार को रांची के खेलगांव में भव्य समारोह आयोजित किया गया। समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने करीब 9,100 करोड़ रुपये की लागत वाली विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इनमें 5,941.86 करोड़ रुपये की लागत वाली 823 योजनाओं का शिलान्यास तथा 3,155.73 करोड़ रुपये की लागत वाली 820 योजनाओं का उद्घाटन शामिल है। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिसकर्मियों, खिलाड़ियों, कलाकारों और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि 26 वर्षों का युवा झारखंड संघर्ष और अनेक उतार-चढ़ाव पार कर आगे बढ़ रहा है। राज्य को वर्ष 2050 तक देश के विकसित और अग्रणी राज्यों के समकक्ष खड़ा करना सरकार का लक्ष्य है। इसके लिए विकास की रफ्तार तेज करने के साथ युवाओं, महिलाओं और समाज के सभी वर्गों को आगे बढ़ाने की जरूरत है।

मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा, सिद्धू-कान्हू, चांद-भैरव, नीलांबर-पीतांबर, कार्तिक उरांव और दिशोम गुरु शिबू सोरेन सहित झारखंड आंदोलन के सभी मार्गदर्शकों के संघर्ष और बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि यह राज्य लंबे संघर्ष और लोगों के खून-पसीने से बना है। अपने हक और अधिकार के लिए झारखंड हर स्तर पर संघर्ष करने में सक्षम है।

50 लाख से अधिक परिवारों तक पहुंच रही आर्थिक सहायता

मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि राज्य में 50 लाख से अधिक परिवारों की महिलाओं तक प्रतिमाह आर्थिक सहायता पहुंच रही है। सम्मान राशि से महिलाएं छोटे-छोटे व्यवसाय शुरू कर रही हैं और परिवार की आर्थिक मजबूती में योगदान दे रही हैं। सरकार का प्रयास है कि महिलाओं को राज्य के भीतर ही रोजगार के अवसर और सुरक्षित माहौल मिले, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।

छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों को मिलेगा भोजन

शिक्षा और युवा विकास को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। इसी दिशा में कल्याण विभाग के आवासीय विद्यालयों और छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों को सरकार की ओर से भोजन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। इससे विद्यार्थियों को भोजन की चिंता नहीं करनी पड़ेगी और वे अपनी पढ़ाई पर बेहतर तरीके से ध्यान केंद्रित कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को मोबाइल और लैपटॉप जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के प्रति भी अभिभावकों का रुझान बढ़ रहा है। सरकार का उद्देश्य युवाओं को हुनरमंद बनाकर आत्मनिर्भर बनाना है।

जल, जंगल और जमीन का संरक्षण जरूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि जल, जंगल, जमीन, पहाड़ और नदियां झारखंड के लोगों के जीवन का आधार हैं। इन प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना जरूरी है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को बेहतर भविष्य दिया जा सके। उन्होंने कहा कि झारखंड ने अपनी खनिज संपदा से देश और दुनिया को समृद्ध किया, लेकिन राज्य के आदिवासी और मूलवासी लंबे समय तक विकास की दौड़ में पीछे रहे। अब इस स्थिति को बदलने का संकल्प लेना होगा।

Sthapna Diwas
Advertisement

उन्होंने कहा कि राज्य में स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने, जीआई टैगिंग और ऑनलाइन खरीद-बिक्री की व्यवस्था को बढ़ावा दिया जा रहा है। स्थापना दिवस पखवाड़े में विभिन्न जिलों और ग्रामीण क्षेत्रों से आई महिलाओं ने अपने उत्पादों का प्रदर्शन और बिक्री की। इससे उन्हें बेहतर बाजार और आर्थिक मजबूती मिल रही है।

पुलिसकर्मियों और मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित

समारोह में मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट सेवाओं और योगदान के लिए विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को सम्मानित किया। पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को झारखंड मुख्यमंत्री पदक (वीरता) से अलंकृत किया गया। विभिन्न विभागों में बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ खिलाड़ियों एवं कलाकारों को भी सम्मान मिला। मैट्रिक, इंटर और इंजीनियरिंग परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को नकद राशि और लैपटॉप देकर प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान जेल में बंदियों के साथ मानवीय व्यवहार से संबंधित पुस्तिका ‘द झारखंड प्रिजन जर्नल 2025’ का विमोचन किया गया। वहीं वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से निर्मित फिल्म ‘अरण्य’ का टीजर भी प्रस्तुत किया गया। मुख्यमंत्री और अतिथियों ने समारोह स्थल पर लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर उनकी उपलब्धियों की जानकारी ली।

कार्यक्रम में मंत्री राधाकृष्ण किशोर, दीपक बिरुआ, चमरा लिंडा, संजय प्रसाद यादव, डॉ. इरफान अंसारी, दीपिका पांडेय सिंह, योगेंद्र प्रसाद, शिल्पी नेहा तिर्की, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, विधायक कल्पना सोरेन, रांची की महापौर रोशनी खलखो, विधायक सुरेश कुमार बैठा और ममता देवी सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, सचिव और वरीय पुलिस अधिकारी समारोह में शामिल हुए।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।