बोकारो के तनिष्क शोरूम में फिर होने वाली थी लूट, गिरिडीह में ही दबोचे गए पांच अपराधी; हथियारों के साथ गिरफ्तार
बोकारो के तनिष्क शोरूम में फिर होने वाली थी लूट, गिरिडीह में दबोचे गए पांच अपराधी; हथियारों के साथ गिरफ्तार
बोकारो/गिरिडीह। बोकारो के सेक्टर-4 स्थित तनिष्क ज्वेलर्स शोरूम एक बार फिर लूट की साजिश का निशाना बनने वाला था। हालांकि, वारदात को अंजाम देने से पहले ही गिरिडीह और हजारीबाग पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, गिरोह ने बोकारो के तनिष्क शोरूम के अलावा गिरिडीह के एक बैंक और बड़े ज्वेलरी प्रतिष्ठान को लूटने की योजना बनाई थी। गौरतलब है कि बोकारो के तनिष्क शोरूम में इससे पहले भी हथियारबंद अपराधियों ने लूट की कोशिश की थी। उस दौरान शोरूम का सायरन बजने और सुरक्षा गार्ड की सूझबूझ से बड़ी वारदात टल गई थी। पिछली घटना में सात अपराधियों के हथियारों के साथ शोरूम में घुसने की बात सामने आई थी। अब एक बार फिर इसी शोरूम को निशाना बनाने की तैयारी की जा रही थी।
गिरिडीह के लॉज में बना रखा था ठिकाना
पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश और बिहार के अपराधियों ने झारखंड में लूट की वारदातों को अंजाम देने के लिए गिरिडीह के निमियाघाट थाना क्षेत्र के रंगामाटी गांव में जीटी रोड किनारे स्थित एक लॉज को अपना ठिकाना बना रखा था। आरोपी पिछले करीब दो महीने से वहां रहकर बैंक और ज्वेलरी प्रतिष्ठानों की रेकी (Reiki) कर रहे थे और लूट की योजना तैयार कर रहे थे। गिरिडीह के एसपी डॉ. बिमल कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि लॉज में कुछ बाहरी अपराधी ठहरे हुए हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। इसके बाद डुमरी एसडीपीओ आबिद खान के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। हजारीबाग पुलिस के सहयोग से लॉज में छापेमारी कर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पिस्टल, देसी कट्टा और कारतूस बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक 7.65 एमएम पिस्टल, दो देसी कट्टा, जिंदा कारतूस और तीन मोटरसाइकिल बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के जौनपुर निवासी आकाश सिंह, बिहार के नालंदा निवासी सुजीत कुमार, वैशाली निवासी जयंत कुमार, प्रियांशु कुमार और रंजन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी आकाश सिंह और जयंत कुमार का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।
अन्य साथियों और नेटवर्क की तलाश
एसपी डॉ. बिमल कुमार के मुताबिक, दूसरे राज्यों से आकर गिरिडीह में ठिकाना बनाकर लूट की योजना तैयार कर रहे अपराधियों को समय रहते गिरफ्तार कर लिया गया। इससे बैंक और ज्वेलरी शोरूम में संभावित लूट की वारदात टल गई। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों, उनके आपराधिक नेटवर्क और झारखंड में संभावित अन्य ठिकानों की जानकारी जुटाई जा रही है।

महिला आरक्षण लागू करने के लिए केंद्र की तैयारी, लोकसभा की सीटें 50% बढ़ाने का प्रस्ताव; 30 नवंबर को संसद में पेश होंगे तीन विधेयक
नई दिल्ली: महिला आरक्षण और लोकसभा सीटों के परिसीमन को लेकर केंद्र सरकार एक बार फिर बड़ी पहल करने जा रही है।…

झारखंड की सभी 81 विधानसभा सीटों पर 1 से 25 दिसंबर तक चलेगा भाजपा का सेवा दूत अभियान
रांची: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष्य में भाजपा 1…

पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी के विरोध में रांची में प्रदर्शन, निष्पक्ष जांच की मांग
एल्बर्ट एक्का चौक पर जुटे पत्रकारों ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल, आंदोलन तेज करने की चेतावनी रांची। पत्रकार अभिषेक भारती की…

















