ठेठईटांगर के जामपानी में विशेष अभिभावक-शिक्षक बैठक का आयोजन, उत्कृष्ट छात्र-शिक्षकों को सम्मानित किया गया
शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा : सिमडेगा जिला अंतर्गत ठेठईटांगर प्रखंड के यूसी जामपानी स्थित विद्यालय में सोमवार को विशेष अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी गायत्री साहु, बीपीओ प्रमिला बड़ाइक, अभिनंदन कुमार तथा विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सिस्टर कोर्नेलिया डुंगडुंग ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी गायत्री साहु ने कहा कि सरकार द्वारा पीटीएम सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है, जिसमें उत्कृष्ट छात्रों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को सम्मानित किया जाता है। बैठक का मुख्य उद्देश्य बच्चों की शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, उनकी उपस्थिति बढ़ाना तथा शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाना है। उन्होंने सभी से शिक्षा के विभिन्न पहलुओं पर गहन चर्चा करने तथा अभिभावक, शिक्षक, जनप्रतिनिधि एवं शिक्षा से जुड़े लोगों के साथ आपसी तालमेल बनाकर सहयोग करने की अपील की।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित झामुमो जिला अध्यक्ष अनिल कंडुलना ने कहा कि शिक्षा विभाग की बेहतरी के लिए इस तरह की विशेष बैठक आयोजित करना सराहनीय कदम है और इसका लाभ सभी को मिलेगा। बच्चों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “मंजिल उन्हीं को मिलती है जो अपने पैरों पर खड़े होते हैं। अपने भविष्य को संवारने के लिए लगन से कठिन परिश्रम करें, अनुशासन में रहें तो सफलता अवश्य मिलेगी।”
कार्यक्रम में बेहतर प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट छात्राओं को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर जिलाध्यक्ष अनिल कंडुलना ने उनका मनोबल बढ़ाया। इसके अलावा अभिभावकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं जनप्रतिनिधियों को भी शॉल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समां बांधा। मंच संचालन बसंत तिर्की ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन सिस्टर शीला ने किया। कार्यक्रम की सफलता में प्रधानाध्यापिका सिस्टर कोर्नेलिया डुंगडुंग, अन्य सिस्टर शिक्षिकाएं तथा झामुमो जिला कोषाध्यक्ष राजेश टोप्पो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

















