जमशेदपुर में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण, मतदाताओं से इन्यूमरेशन फॉर्म जमा करने की अपील

जमशेदपुर : झारखंड के अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार ने शनिवार को जमशेदपुर पश्चिमी एवं ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के शहरी मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर विशेष सहायता शिविरों की व्यवस्था का जायजा लिया। यह शिविर मतदाताओं को इन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराने, फॉर्म भरने, जमा करने तथा मतदाता मैपिंग से संबंधित सहयोग प्रदान करने के लिए आयोजित किए जा रहे हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
निरीक्षण के दौरान उन्होंने जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र के आजादनगर स्थित मतदान केंद्र संख्या 271 से 283 तथा ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के कपाली स्थित मतदान केंद्र संख्या 329 से 334 तक का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा इन्यूमरेशन फॉर्म संग्रहण और डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया का भी निरीक्षण किया।
अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे जल्द से जल्द अपना इन्यूमरेशन फॉर्म भरकर, हस्ताक्षर कर बीएलओ को जमा करें। उन्होंने बताया कि वर्तमान मतदाता सूची में शामिल सभी मतदाताओं के लिए फॉर्म मुद्रित किए गए हैं और बीएलओ द्वारा घर-घर पहुंचाने का कार्य किया जा चुका है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं का भरा हुआ एवं हस्ताक्षरित इन्यूमरेशन फॉर्म बीएलओ को प्राप्त होगा, केवल उन्हीं का नाम 5 अगस्त को प्रकाशित होने वाली मतदाता सूची के प्रारूप में शामिल किया जाएगा। जिन मतदाताओं ने अब तक ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से फॉर्म जमा नहीं किया है, वे 20 जुलाई को आयोजित विशेष सहायता शिविर में अवश्य फॉर्म जमा करें, ताकि डिजिटाइजेशन का कार्य समय पर पूरा किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन के अधिकारी, बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, कंप्यूटर ऑपरेटर और स्थानीय मतदाता भी उपस्थित रहे।
















