रांची में 4 जुलाई को होगा आजसू महिला मोर्चा का अखिल झारखंड महिला अधिवेशन, सुदेश महतो होंगे मुख्य अतिथि

रांची: आजसू महिला मोर्चा ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आगामी 4 जुलाई को आयोजित होने वाले अखिल झारखंड महिला अधिवेशन की जानकारी दी। महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने बताया कि अधिवेशन का आयोजन रांची के खेलगांव स्थित इंडोर स्टेडियम में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा, जिसमें राज्यभर से हजारों महिलाओं के शामिल होने की संभावना है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि अधिवेशन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और उनसे जुड़े सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक मुद्दों पर व्यापक चर्चा करना है। इसके साथ ही महिलाओं की समस्याओं को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
महिला मोर्चा की ओर से बताया गया कि अधिवेशन में आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में महिला कार्यकर्ताओं के लिए विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।
आजसू पार्टी ने राज्यभर की महिला कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों से बड़ी संख्या में अधिवेशन में भाग लेकर इसे सफल बनाने की अपील की है। पार्टी का कहना है कि यह अधिवेशन महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और उनके मुद्दों को प्रभावी मंच प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।

















