छठ घाटों पर 14 से 16 नवंबर तक तैराकी पर रोक की अपील, सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश

रांची: दीपावली, काली पूजा और छठ पूजा के सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में संबंधित विभागों, पूजा समितियों, छठ पूजा समिति, जतरा समिति और शांति समिति के सदस्यों के साथ बैठक हुई। इसमें विधि-व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन और छठ घाटों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर चर्चा की गई। जिला प्रशासन ने 14, 15 और 16 नवंबर को छठ घाटों पर तैराकी से परहेज करने की अपील की है।
बैठक में उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि आम नागरिकों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ समय पर तैयारियां पूरी करें, ताकि पर्व-त्योहारों के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो। उन्होंने छठ पूजा समितियों से भी प्रशासन और संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने की अपील की।
छठ घाटों पर सफाई, रोशनी और सीसीटीवी से निगरानी
बैठक में छठ पूजा समितियों के सदस्यों ने विभिन्न घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, पहुंच मार्गों की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित सुझाव दिए। उपायुक्त ने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाटों और आसपास के क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने पर जोर दिया। जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से जलाशयों और घाटों पर सावधानी बरतने तथा निर्धारित सुरक्षा व्यवस्था एवं प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की अपील की। लोगों से अपनी और परिवार के सदस्यों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने का आग्रह किया गया।
जतरा के आयोजन की भी होगी समीक्षा
बैठक में जतरा के सुरक्षित और व्यवस्थित आयोजन को लेकर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने सदर अनुमंडल पदाधिकारी और अपर जिला दंडाधिकारी, विधि-व्यवस्था को जतरा समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर तैयारियों एवं आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करने का निर्देश दिया। वहीं, बैठक में पूजा समिति के सदस्यों ने दुर्गापूजा के दौरान विधि-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के प्रयासों की सराहना की। आगामी पर्व-त्योहारों में भी इसी तरह समन्वय और सतर्कता के साथ काम करने पर जोर दिया गया।
बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक पारस राणा, यातायात पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह, सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, रांची नगर निगम के अपर प्रशासक संजय कुमार, अपर जिला दंडाधिकारी धनंजय, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण, उपसमाहर्ता नजारत सुदेश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय सहित विभिन्न समितियों के सदस्य और संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

पॉकलेन से दबकर कचरा चुनने वाले व्यक्ति की मौत, बिरसा चौक बायपास रोड पर हादसा
रांची: राजधानी रांची में बिरसा चौक बायपास रोड पर बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में कचरा चुनने वाले एक व्यक्ति की मौत…

धनबाद में ATM से छेड़छाड़ कर ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, गलत हेल्पलाइन नंबर से फंसाते थे लोगों को
ATM में कार्ड फंसने का झांसा देकर करते थे ठगी; चोरी के कार्ड से ज्वेलरी और जूते की दुकान में की खरीदारी,…
















