धनबाद में ATM से छेड़छाड़ कर ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, गलत हेल्पलाइन नंबर से फंसाते थे लोगों को
ATM में कार्ड फंसने का झांसा देकर करते थे ठगी; चोरी के कार्ड से ज्वेलरी और जूते की दुकान में की खरीदारी, दोनों आरोपी बिहार के नवादा के रहने वाले
धनबाद: धनबाद में एटीएम कार्ड बदलकर और गलत हेल्पलाइन नंबर के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बनाने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी बिहार के नवादा जिले के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी एटीएम मशीनों से छेड़छाड़ कर कार्डधारकों को अपने जाल में फंसाते थे। इसके बाद कार्ड का इस्तेमाल कर रुपये निकालने और दुकानों से सामान खरीदने की घटना को अंजाम देते थे। मामला 27 अक्टूबर की शाम करीब सात बजे का है। धनबाद थाना क्षेत्र में सिटी सेंटर के पास स्थित बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम में छेड़छाड़ कर ठगी किए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलने के बाद गश्ती दल मौके पर पहुंचा और शिकायतकर्ता से जानकारी ली।
एटीएम में कार्ड फंसने के बाद शुरू हुआ ठगी का खेल
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वह बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम से रुपये निकालने गया था। इसी दौरान उसका एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया। पीछे खड़े एक व्यक्ति ने उसे बताया कि गुप्त पिन डालने पर कार्ड बाहर निकल सकता है। इसके बाद दूसरे व्यक्ति ने एक हेल्पलाइन नंबर पर फोन करने की सलाह दी।शिकायतकर्ता ने बताए गए नंबर पर संपर्क किया, तो उसे पेट्रोल पंप के पास बुलाया गया। हालांकि, वहां पहुंचने पर कोई नहीं मिला। जब वह वापस एटीएम के पास लौटा, तब भी उसका कार्ड मशीन में फंसा हुआ था और वह रुपये नहीं निकाल सका।
खाते से निकले 49,800 रुपये के मैसेज
इसी बीच शिकायतकर्ता के मोबाइल पर बैंक खाते से रुपये निकलने के संदेश आने लगे। शाम करीब 6:45 बजे 15 हजार रुपये की निकासी का मैसेज आया। इसके बाद शाम 6:59 बजे रानी सती ज्वेलर्स से 32,800 रुपये की निकासी का संदेश मिला।संदेह होने पर शिकायतकर्ता ज्वेलरी दुकान पहुंचा और दुकानदार से पूछताछ की। दुकानदार ने बताया कि दो व्यक्ति दुकान आए थे और सामान खरीदकर चले गए थे। उनमें से एक ने हाफ पैंट और दूसरे ने जींस पहन रखी थी। इसके बाद शाम करीब 7:10 बजे बाटा इंडिया की दुकान से दो हजार रुपये की निकासी का संदेश भी आया। इस तरह शिकायतकर्ता को कुल 49,800 रुपये के लेनदेन के संदेश मिले।
बाटा दुकान के पास पकड़े गए दोनों संदिग्ध
घटना की जानकारी जुटाने के दौरान शिकायतकर्ता अपने साथ आए लोगों के साथ बाटा दुकान पहुंचा। इसी दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को दुकान से थैला लेकर एक्सिस बैंक के एटीएम की ओर जाते देखा गया। इसके बाद दोनों को पकड़ लिया गया और मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।
पुलिस की पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे बिहार और झारखंड के विभिन्न शहरों में एटीएम मशीनों से छेड़छाड़ कर लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे। वे कार्डधारकों को गलत हेल्पलाइन नंबर देकर भ्रमित करते थे और इसी दौरान एटीएम कार्ड हासिल कर लेते थे। इसके बाद चोरी किए गए कार्ड से ऑनलाइन खरीदारी और रुपये की निकासी करते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू की है।

पलामू में नवजात के शव मामले में बड़ी कार्रवाई, डॉक्टरों और निजी अस्पताल संचालक समेत 12 लोगों पर FIR
MMCH परिसर में नवजात के शव को मुंह में दबाकर घूमता दिखा था कुत्ता; निजी अस्पताल सील, पॉक्सो एक्ट के तहत भी…

सिमडेगा से लापता 15 वर्षीय नाबालिग दिल्ली से बरामद, महिला गिरफ्तार
सिमडेगा: सिमडेगा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दिल्ली से 15 वर्षीय नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले…

जमशेदपुर के केबुल बस्ती में खपरैल मकान में लगी भीषण आग, गृहस्थी का सामान जलकर राख
गोलमुरी थाना क्षेत्र की घटना, दमकल की तीन गाड़ियों ने आग पर पाया काबू; गैस लीकेज से आग लगने की आशंका जमशेदपुर:…

















