बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हमले जारी: जेसोर में राणा प्रताप बैरागी की गोली मारकर हत्या

बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हमले जारी: जेसोर में राणा प्रताप बैरागी की गोली मारकर हत्या

Share
Link copied

ढाका : बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को जेसोर जिले के मोनिरामपुर उपजिला में 38 वर्षीय हिंदू व्यवसायी और पत्रकार राणा प्रताप बैरागी की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना पिछले तीन हफ्तों में हिंदू समुदाय पर हुआ पांचवां बड़ा हमला है, जिससे अल्पसंख्यकों में दहशत का माहौल है।

राणा प्रताप बैरागी केशबपुर उपजिला के अरुआ गांव के निवासी थे। वे एक आइस फैक्ट्री के मालिक थे और नरैल से प्रकाशित अखबार ‘डैनिक बीडी खबर’ के कार्यवाहक संपादक भी थे। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सोमवार शाम करीब 5:45 बजे कोपलिया बाजार में तीन अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों ने उन्हें अपनी फैक्ट्री से बाहर बुलाया और एक संकरी गली में ले जाकर सिर में तीन गोलियां मारकर गला रेत दिया। हमलावर मौके से फरार हो गए।

मोनिरामपुर थाने के अधिकारी राजिउल्लाह खान ने बताया कि हत्या का मोटिव अभी स्पष्ट नहीं है और जांच जारी है। पुलिस ने बताया कि बैरागी के खिलाफ दो थानों में चार मामले दर्ज थे, लेकिन इनकी डिटेल्स उपलब्ध नहीं हैं।

बांग्लादेश पूजा उत्सव समिति के अध्यक्ष बासुदेव धर ने इस हत्या की पुष्टि करते हुए कहा कि अल्पसंख्यक समुदाय में भय व्याप्त है। भारत ने भी बार-बार बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों, खासकर हिंदुओं पर हमलों पर चिंता जताई है।

बांग्लादेश में राजनीतिक अस्थिरता और कट्टरपंथी ताकतों के उभार के बीच अल्पसंख्यकों पर हमले बढ़े हैं। अंतरिम सरकार पर आरोप है कि वह कानून-व्यवस्था बनाए रखने में असफल रही है। बांग्लादेश में होने वाले चुनावों से पहले ऐसी घटनाएं चिंता बढ़ा रही हैं।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow