जिला प्रशासन रांची की बड़ी कार्रवाई: हरमू बाजार में अवैध गैस सिलिंडर रिफिलिंग पर छापा, 12 सिलिंडर जब्त
रांची : जिला प्रशासन, रांची ने घरेलू गैस सिलिंडर के अवैध व्यावसायिक उपयोग और रिफिलिंग के खिलाफ कड़ा कदम उठाते हुए हरमू बाजार में एक दुकान पर छापामारी की। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर गठित विशेष छापामारी दल ने यह कार्रवाई की।
छापामारी के दौरान दुकान संचालक को अवैध रूप से गैस सिलिंडर रिफिलिंग करते पाया गया। मौके से 14.02 किलोग्राम क्षमता के 5 सिलिंडर, 5 किलोग्राम का 1 सिलिंडर और 2 किलोग्राम क्षमता के 6 सिलिंडर सहित कुल 12 सिलिंडर जब्त किए गए। इसके साथ ही रिफिलिंग में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी सीज किए गए।
यह कार्रवाई आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 और गैस सिलिंडर (रेगुलेशन ऑफ सप्लाई एंड डिस्ट्रीब्यूशन) ऑर्डर 2000 के तहत की गई। दुकान संचालक के खिलाफ अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है।
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि अवैध गैस रिफिलिंग और व्यावसायिक उपयोग जनसुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। जिला प्रशासन ऐसी गतिविधियों पर सख्त नजर रखे हुए है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम जनता से अपील की कि यदि कहीं इस तरह की अवैध गतिविधियां नजर आएं, तो तुरंत जिला प्रशासन को सूचित करें।
















