वाहन की टक्कर से बाइक पेड़ से टकराई, युवक की मौत.
पलामू, अरुनिष सिंह.
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मेदिनीनगर : पांकी रोड स्थित होंडा सर्विस सेंटर के पास सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। युवक अपने घर का इकलौता पुत्र था और मेदिनीनगर में अपने मौसा के घर पर रहता था। हादसा किसी अज्ञात वाहन द्वारा बाइक में पीछे से टक्कर मारने की वजह से हुआ। टक्कर के बाद बाइक पेड़ से टकराई और सवार युवक की मौत हो गई। युवक ने हेलमेट भी पहन रखा था।
युवक की पहचान हनुमान नगर के बारालोटा निवासी उत्तम कुमार (20) के रूप में की गई। उत्तम जेलहाता मुंसफ रोड स्थित यूनिक कंप्यूटर सेंटर में कंप्यूटर का टीचर था। उत्तम कुमार अपनी अपाची बाइक से कोचिंग सेंटर के लिए निकला था। इसी दौरान पांकी रोड में होंडा सर्विस सेंटर के सामने उसका एक्सीडेंट हो गया।
हादसे में बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से उत्तम को हॉस्पिटल लाया गया पर रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। बताते चलें कि उत्तम के बचपन में ही पिता के गुजर जाने के बाद उसका पालन-पोषण बारालोटा में उसके मौसा के घर हुआ था। उसकी मां गया (बिहार) में रहती है।











