बाइक स्टंट बना मौत का कारण: गुमला में दो युवकों की गई जान, एक गंभीर घायल

निर्मल सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!गुमला: गुमला जिले के घाघरा-गुमला सीमांत सड़क स्थित बाकी नदी पुल के पास मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि तीनों युवक शराब के नशे में एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे और रास्ते में स्टंट करने के दौरान हादसे का शिकार हो गए।
जानकारी के अनुसार, बड़काडीह निवासी चरकु उरांव, मंगरा उरांव और सूरज उरांव खरका डेली मार्केट से मछली खरीदने जा रहे थे। चरकु उरांव गाजीपुर स्थित एक ईंट भट्ठे में काम करता था और हाल ही में उसे वेतन मिला था। वेतन मिलने की खुशी में तीनों ने शराब का सेवन किया और बिना हेलमेट पहने बाइक से निकल पड़े।
प्रत्यक्षदर्शी एवं घायल सूरज उरांव ने बताया कि बाइक मंगरा उरांव चला रहा था। तेज रफ्तार में उसने अचानक बाइक का अगला पहिया हवा में उठाकर स्टंट करने की कोशिश की। इसी दौरान बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह करीब 25 फीट नीचे जा गिरी। खतरे को भांपते हुए सूरज ने बाइक से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई।

हादसे में 30 वर्षीय चरकु उरांव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 25 वर्षीय मंगरा उरांव ने इलाज के दौरान गुमला सदर अस्पताल में दम तोड़ दिया। घायल सूरज उरांव का इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही टोटो थाना के एसआई गफ्फार अंसारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर परिजनों को सौंपने की तैयारी कर रही है।
















