किसानों के मुद्दे पर भाजपा का राज्यव्यापी धरना ऐलान, 15 से 20 मई तक सभी प्रखंड मुख्यालयों में प्रदर्शन

रांची : झारखंड में किसानों के मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने राज्यव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष Aditya Sahu ने घोषणा की है कि 15 मई से 20 मई तक राज्य के सभी प्रखंड मुख्यालयों में एकदिवसीय धरना कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि महागठबंधन सरकार ने चुनाव से पहले किसानों से कई बड़े वादे किए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन्हें पूरा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि झामुमो और कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में किसानों को 3200 रुपये प्रति क्विंटल न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP), वन उत्पादों के MSP में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी, कृषि कार्य के लिए मुफ्त बिजली, सस्ती दरों पर खाद-बीज और कृषि उपकरण उपलब्ध कराने जैसे वादे किए थे, लेकिन सरकार बनने के बाद इन वादों को भुला दिया गया।
आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि राज्य में खाद की कालाबाजारी हो रही है। उन्होंने कहा कि 266 रुपये वाली यूरिया की बोरी 550 से 800 रुपये तक बेची जा रही है। साथ ही उन्होंने पीडीएस के नमक की कालाबाजारी का भी आरोप लगाया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पूर्ववर्ती भाजपा सरकार की मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना को बंद कर दिया गया और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में भी बाधाएं उत्पन्न की गईं। उन्होंने कहा कि भाजपा आगामी धरना कार्यक्रम के माध्यम से सरकार के “किसान विरोधी चेहरे” को जनता के सामने लाएगी।
बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से किसानों को भारी नुकसान
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य में हुई बेमौसम बारिश और भारी ओलावृष्टि को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि रांची समेत राज्य के कई जिलों में किसानों की फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। खासकर तरबूज, खीरा, ककड़ी और सब्जी की खेती करने वाले किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ा है।
उन्होंने बताया कि कई किसानों ने बड़े पैमाने पर खेती की थी, लेकिन ओलावृष्टि से उनकी पूरी फसल बर्बाद हो गई। ऐसे किसानों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। भाजपा ने राज्य सरकार से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल सर्वे कराया जाए और किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए।
आदित्य साहू ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई किसान कर्ज लेकर या गहने गिरवी रखकर खेती करते हैं। ऐसे में फसल बर्बाद होने से उनकी आर्थिक स्थिति और खराब हो जाती है। उन्होंने सरकार से पीड़ित किसानों को जल्द राहत देने की मांग की।
गरीब परिवारों के लिए भी राहत की मांग
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कई इलाकों में गरीब परिवारों के घर भी बारिश और ओलावृष्टि से क्षतिग्रस्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि मानसून आने वाला है, ऐसे में बेघर हुए परिवारों की मदद के लिए सरकार को तत्काल राहत व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि उन्हें आगे किसी बड़ी परेशानी का सामना न करना पड़े।

















