भाजपा को JPSC घेराव का नैतिक अधिकार नहीं, पहले युवाओं से मांगे माफी : राकेश सिन्हा

रांची : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रस्तावित झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) घेराव को राजनीतिक पाखंड और युवाओं को गुमराह करने की कोशिश बताया है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों से केंद्र की सत्ता में रहने वाली भाजपा पेपर लीक की घटनाओं को रोकने में विफल रही है, इसलिए उसे युवाओं के नाम पर आंदोलन करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!राकेश सिन्हा ने कहा कि NEET, UGC-NET सहित कई प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और अनियमितताओं ने करोड़ों युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया। जब छात्र न्याय की मांग कर रहे थे, तब भाजपा सरकार ने उनकी आवाज सुनने के बजाय दमनात्मक रवैया अपनाया। अब वही भाजपा युवाओं के हितैषी होने का दिखावा कर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि यदि भाजपा वास्तव में युवाओं की चिंता करती तो केंद्र सरकार में वर्षों से खाली पड़े लाखों पदों को भरने की दिशा में कदम उठाती, बेरोजगारी पर जवाब देती और परीक्षा प्रणाली को मजबूत बनाती। लेकिन भाजपा का ध्यान केवल आरोप-प्रत्यारोप और भ्रम फैलाने की राजनीति तक सीमित है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि झारखंड की गठबंधन सरकार पारदर्शी और समयबद्ध नियुक्ति प्रक्रिया के लिए प्रतिबद्ध है। किसी भी शिकायत या अनियमितता पर सरकार कानून के अनुसार कार्रवाई करती है। ऐसे में भाजपा का JPSC घेराव युवाओं के हित का आंदोलन नहीं, बल्कि अपनी राजनीतिक विफलताओं से ध्यान हटाने का प्रयास है।
राकेश सिन्हा ने भाजपा से देश के युवाओं से माफी मांगने की मांग करते हुए कहा कि पार्टी रोजगार देने के वादे पूरे करने, पेपर लीक रोकने और छात्रों की आवाज का सम्मान करने में असफल रही है। उन्होंने दावा किया कि झारखंड के युवा भाजपा के दोहरे चरित्र को समझ चुके हैं और कांग्रेस पार्टी युवाओं के अधिकार, निष्पक्ष भर्ती, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था तथा रोजगार के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी।
















