कांग्रेस का लोकभवन धरना ‘नौटंकी’, युवाओं के नाम पर राजनीति कर रही कांग्रेस : आदित्य साहू

रांची: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने लोकभवन के समक्ष कांग्रेस द्वारा आयोजित धरना-प्रदर्शन को “नौटंकी” करार देते हुए कांग्रेस पर युवाओं के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल लोकतांत्रिक तरीके से सत्ता हासिल करने में असफल रहने के कारण हताशा में इस तरह की गतिविधियां कर रहे हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड में कांग्रेस गठबंधन की सरकार है, लेकिन उसे राज्य में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताएं, पेपर लीक और भर्ती घोटाले दिखाई नहीं देते। उन्होंने सवाल उठाया कि इन मुद्दों पर कांग्रेस कभी धरना-प्रदर्शन क्यों नहीं करती और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग क्यों नहीं उठाती।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उत्पाद सिपाही भर्ती दौड़ के दौरान 19 युवकों की मौत हुई, तब कांग्रेस को युवाओं की चिंता नहीं हुई। राज्य में लाखों सरकारी पद खाली हैं और बेरोजगारी गंभीर समस्या बनी हुई है, लेकिन इस पर कांग्रेस और उसके सहयोगी दल मौन हैं।
उन्होंने कांग्रेस से मांग की कि वह झारखंड में हुई विभिन्न परीक्षाओं में गड़बड़ियों और युवाओं के साथ हुए कथित छल पर अपनी स्थिति स्पष्ट करे। साहू ने आरोप लगाया कि लगातार हो रहे पेपर लीक और भर्ती प्रक्रियाओं में गड़बड़ियों के बावजूद दोषियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है।

आदित्य साहू ने कहा कि कांग्रेस पहले अपने “चाल, चरित्र और चेहरे” पर आत्ममंथन करे, उसके बाद दूसरों पर आरोप लगाए। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल युवाओं को आगे कर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रहे हैं और उन्हें गुमराह कर रहे हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार को कांग्रेस से किसी प्रकार के प्रमाणपत्र की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कांग्रेस से युवाओं के नाम पर राजनीति बंद करने और वास्तविक मुद्दों पर जवाब देने की मांग की।

















