BJP protest in Chaibasa against irregularities in JPSC-JSSC.

चाईबासा JPSC-JSSC में गड़बड़ी के खिलाफ भाजपा का प्रदर्शन, उपायुक्त को सौंपा तीन सूत्री ज्ञापन

अश्वनी पांडे / चाईबासा

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

चाईबासा। JPSC-JSSC की नियुक्ति परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं तथा छात्रों पर दर्ज मुकदमों के विरोध में भाजपा ने शनिवार को चाईबासा में प्रदर्शन किया। सर्किट हाउस से निकला जुलूस विभिन्न मार्गों से होते हुए उपायुक्त कार्यालय पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ता हाथों में मांगों से संबंधित तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे।

उपायुक्त कार्यालय पहुंचने के बाद प्रदर्शन सभा में तब्दील हो गया। सभा के बाद भाजपा नेताओं ने तीन सूत्री मांगों का ज्ञापन उपायुक्त को सौंपा। पार्टी ने नियुक्ति परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, छात्रों पर दर्ज प्राथमिकी वापस लेने और उनकी मांगों पर सरकार से शीघ्र निर्णय लेने की मांग की।

भाजपा जिला प्रभारी विनय जायसवाल ने कहा कि सरकार ने युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन नियुक्ति परीक्षाओं की विश्वसनीयता को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों के सवालों का जवाब मुकदमों और प्राथमिकी से नहीं, बल्कि निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था से दिया जाना चाहिए।

पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने कहा कि गरीब परिवार अपने बच्चों की पढ़ाई पर वर्षों तक मेहनत और पैसा खर्च करते हैं, ताकि उन्हें रोजगार मिल सके। ऐसे में नियुक्ति प्रक्रिया में गड़बड़ी का असर केवल छात्रों पर नहीं, बल्कि उनके परिवारों पर भी पड़ता है। उन्होंने कहा कि जांच में किसी अधिकारी, बिचौलिए या गिरोह की संलिप्तता सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

RKDF
advertisement

भाजपा जिलाध्यक्ष गीता बालमुचू ने छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने और जेपीएससी-जेएसएससी समेत सभी नियुक्ति परीक्षाओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जेबी तुबिद ने सरकार से छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की। वहीं पूर्व विधायक गुरुचरण नायक ने कहा कि झारखंड के युवा अपना अधिकार मांग रहे हैं, भीख नहीं। रोजगार की मांग करने वाले युवाओं पर मुकदमा दर्ज करना उचित नहीं है।
सभा को मालती गिलुआ और विजय गागराई ने भी संबोधित किया। मौके पर महामंत्री भूषण पाट पिंगुआ, चंदन झा, सनी पासवान, हेमंत केसरी, तीरथ जामुदा, अंजन प्रधान, रानी बंदिया, गुल्लू कुमार, राकेश पोद्दार, राकेश शर्मा, चंद्र मोहन तिऊ और रूपा सिंह दास समेत विभिन्न मंच-मोर्चा एवं मंडल अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को प्रदेश स्तर पर तेज किया जाएगा। पार्टी ने आगे चक्का जाम और बंद जैसे कार्यक्रम आयोजित करने की भी चेतावनी दी है।

BJP protest in Chaibasa against irregularities in JPSC-JSSC.

नई और ताज़ा खबरों के लिए जुड़े रहें — Drishti Now