भाजपा मनाएगी सेवा संकल्प माह, 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम

रांची: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ‘सेवा संकल्प माह’ मनाएगी। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान राज्यभर में विभिन्न सेवा और जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अभियान की तैयारियों को लेकर गुरुवार को रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, अभियान के प्रदेश प्रभारी संजय जायसवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मबीर सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। नेताओं ने अभियान के उद्देश्य और कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा करते हुए कार्यकर्ताओं को सफल आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश और टिप्स दिए।

कार्यशाला के बाद पत्रकारों से बातचीत में अभियान प्रभारी संजय जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का राजनीतिक जीवन राष्ट्र निर्माण और देशसेवा को समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प माह’ का उद्देश्य राजनीति से अलग रहकर सेवा कार्यों के माध्यम से प्रधानमंत्री के विचारों और सेवा भावना को जन-जन तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान भाजपा कार्यकर्ता समाज के विभिन्न वर्गों के बीच जाकर सेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी करेंगे।
















