20250916 185530

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर भाजयुमो करेगा विशेष कार्यक्रमों का आयोजन

रांची : भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) झारखण्ड ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस के अवसर पर विभिन्न सेवा और जनजागरण कार्यक्रमों की घोषणा की है। मंगलवार को रांची में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने इन कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

शशांक राज ने बताया कि प्रधानमंत्री का जन्मदिवस पूरे देश में सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाया जा रहा है। इसके तहत झारखण्ड में भाजयुमो द्वारा रक्तदान शिविर, नमो युवा रन, और अन्य जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रेस वार्ता के दौरान नमो युवा रन के पोस्टर और विशेष टी-शर्ट का लोकार्पण भी किया गया।

प्रमुख कार्यक्रम

 रक्तदान शिविर

17 सितम्बर को भाजपा प्रदेश कार्यालय में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, प्रदेश और मंडल स्तर पर भी रक्तदान शिविर आयोजित होंगे।

नमो युवा रन

नशामुक्त झारखण्ड का संदेश देने के उद्देश्य से 21 सितम्बर को नमो युवा रन का आयोजन किया जाएगा। यह मैराथन देश के 75 शहरों में होगी, जिसमें झारखण्ड के रांची, जमशेदपुर और धनबाद शामिल हैं। रांची में मैराथन की शुरुआत मोराबादी स्थित बापू वाटिका से होगी और समापन जयपाल सिंह स्टेडियम में होगा। प्रतिभागियों का पंजीकरण 20 सितम्बर तक किया जा सकेगा।

शशांक राज ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्पों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए भाजयुमो प्रतिबद्ध है। इन आयोजनों के माध्यम से युवाओं में सेवा भाव, स्वस्थ जीवनशैली और नशामुक्त समाज का संदेश प्रसारित होगा।”

प्रेस वार्ता में प्रदेश महामंत्री व राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष विकास प्रीतम सिन्हा, अजातशत्रु, प्रिंस कुमार, रोमित नारायण सिंह, आइपीएल क्रिकेटर मोनू सिंह और नागपुरी अभिनेता रमन गुप्ता उपस्थित थे।

Share via
Send this to a friend