सरायकेला में छह दिनों से लापता दो युवकों के शव जंगल से बरामद

सरायकेला। कांड्रा थाना क्षेत्र में छह दिनों से लापता दो युवकों के मामले में पुलिस ने दोनों के शव बरामद कर लिए हैं। पिंडाबेड़ा निवासी राहुल हांसदा और खरखावां निवासी तपन प्रधान के शव रपचा जंगल से बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के लिए हिरासत में लिए गए दो संदिग्धों की निशानदेही पर दोनों शवों को जमीन की खुदाई कर बाहर निकाला गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जानकारी के मुताबिक, राहुल हांसदा और तपन प्रधान 13 अगस्त से लापता थे। दोनों के अचानक गायब होने के बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की थी और अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी।

जांच के दौरान पुलिस ने रविन्द्र मार्डी और फूलचंद हांसदा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर पुलिस टीम रपचा जंगल पहुंची। मजिस्ट्रेट सह अंचल निरीक्षक बलवंत सिंह की मौजूदगी में बताए गए स्थान पर खुदाई कर दोनों शव बरामद किए गए।
शव बरामदगी के दौरान एसडीपीओ अभिनव भारद्वाज, कांड्रा थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर विनोद कुमार मुर्मू समेत पुलिस के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

स्कूल परिसर से साथ ले जाने की बात आई सामने
पुलिस जांच में सामने आए घटनाक्रम के अनुसार, 13 अगस्त की रात करीब आठ बजे राहुल हांसदा और तपन प्रधान धातकीडीह स्कूल परिसर में बैठे थे। प्रत्यक्षदर्शी सूरज हांसदा के मुताबिक, इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और युवकों के साथ मारपीट की।
बताया गया है कि इसके बाद तीनों को कार से गम्हरिया की ओर ले जाया गया। सूरज हांसदा किसी तरह वहां से निकलने में सफल रहा, लेकिन राहुल और तपन का इसके बाद कोई पता नहीं चला।
अब दोनों युवकों के शव मिलने के बाद पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दोनों युवकों की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इस घटना के पीछे कौन लोग शामिल हैं।

फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दोनों युवकों के शव मिलने की खबर के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस अब घटना के पीछे की वजह और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।















