गुमला में पैदल रास्ते से लोहरदगा ले जाए जा रहे मवेशी, तस्करी का आरोप

निर्मल सिंह
गुमला: गुमला जिले में मवेशियों को पैदल रास्ते से लोहरदगा ले जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने पशु तस्करी का आरोप लगाते हुए पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों के अनुसार, सोमवार शाम करीब चार बजे पनसो बाजार से बड़ी संख्या में मवेशियों को पैदल ले जाते देखा गया।

ग्रामीणों का दावा है कि मवेशियों को गोया के रास्ते लोहरदगा ले जाया जा रहा था। इस संबंध में पूछताछ करने पर मवेशियों को ले जा रहे लोगों ने उगरा गांव निवासी सामूल का नाम बताया। ग्रामीणों के मुताबिक, फोन पर संपर्क करने पर सामूल ने मवेशियों को लोहरदगा ले जाने की बात स्वीकार की।

ग्रामीणों का आरोप है कि छत्तीसगढ़ से मवेशियों को लाकर जारी, चैनपुर, कुरुमगढ़ और रायडीह के रास्ते घाघरा थाना क्षेत्र होते हुए लोहरदगा ले जाया जाता है। उनका यह भी दावा है कि कई बार वाहनों में मवेशियों को ठूंसकर ले जाया जाता है। ग्रामीणों के अनुसार, रास्ते में दुर्घटना होने पर ही ऐसे मामलों की जानकारी सामने आ पाती है।

ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार को लगने वाले पनसो बाजार में भी छत्तीसगढ़ से मवेशी लाए जाते हैं। उन्होंने इस मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि इन गतिविधियों पर रोक नहीं लगाई गई, तो ऐसी घटनाएं जारी रह सकती हैं।

मामले में पक्ष जानने के लिए घाघरा थाना प्रभारी से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। वहीं, एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने अदालत में व्यस्त होने की बात कही। फिलहाल, ग्रामीणों की ओर से लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

नोवामुंडी के जंगल में अवैध लौह अयस्क खनन का खुलासा, छापेमारी में ट्रैक्टर जब्त
चालक समेत मौके पर मौजूद लोग फरार, जंगल में जमा मिला खनन कर निकाला गया लौह पत्थर; वन विभाग ने शुरू की…

सिमडेगा में 40 किलो प्रतिबंधित गोवंशीय मांस बरामद, एक गिरफ्तार
सिमडेगा: जिले में प्रतिबंधित गोवंशीय मांस के अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सिमडेगा पुलिस ने करीब 40 किलोग्राम मांस बरामद…
















