धनबाद : मवेशी लदे पांच वाहन पुलिस ने रोके, जांच के लिए गौशाला भेजे गए

गोविंद / धनबाद
धनबाद । गलफरबाड़ी ओपी क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर जगदंबा पेट्रोल पंप के समीप रविवार रात पुलिस ने मवेशी लदे पांच वाहनों को रोककर जांच शुरू की। बताया गया कि प्रत्येक वाहन में करीब पांच से छह गोवंश लदे हुए थे। पुलिस ने जांच के लिए सभी मवेशियों को गौशाला भेजने की कार्रवाई शुरू की है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, ये वाहन बिहार के काराकाट मेला से मवेशियों को लेकर पश्चिम बंगाल के कोलकाता की ओर जा रहे थे। वाहन में सवार लोगों ने मवेशियों की खरीद से संबंधित दस्तावेज होने की बात कही है। उनका दावा है कि वाहनों में लदे सभी गोवंश दुधारू हैं और मेला से खरीद के कागजात भी उनके पास मौजूद हैं।

वाहनों को रात से रोके जाने के बाद स्थानीय लोगों ने मवेशियों को चारा और पानी उपलब्ध नहीं कराए जाने का आरोप लगाया। लोगों का कहना है कि लंबे समय तक वाहनों में रहने के कारण मवेशियों की स्थिति को लेकर भी चिंता बनी हुई है।
स्थानीय लोगों ने इस रूट से मवेशियों के आवागमन को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल भी उठाए हैं। उनका आरोप है कि इस मार्ग से नियमित रूप से मवेशी लदे वाहन पश्चिम बंगाल की ओर जाते हैं। कुछ लोगों ने क्षेत्र में अवैध तरीके से मवेशियों के कारोबार और छोटे वाहनों से मवेशियों को दूसरे वाहनों में स्थानांतरित कर बंगाल भेजे जाने का भी आरोप लगाया है।
हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की ओर से भी कथित अवैध वसूली या मवेशी व्यापार में मिलीभगत के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
फिलहाल पुलिस द्वारा पांचों वाहनों में लदे मवेशियों को कतरास स्थित गौशाला भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दस्तावेजों और पूरे मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही मवेशियों को छोड़े जाने को लेकर निर्णय लिया जाएगा

















