मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आदिवासी छात्रा सविता कच्छप को दी 2 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि
रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (ट्रिपल आईटी), रांची में पीएचडी के लिए चयनित आदिवासी समुदाय की सबसे कम उम्र की छात्रा सविता कच्छप ने मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सविता कच्छप को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए राज्य सरकार की ओर से उनकी पीएचडी पढ़ाई पूरी करने के लिए 2 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि का चेक उनके परिजनों को सौंपा।
सविता कच्छप रांची की डूंगरी टोली, अरगोड़ा की निवासी हैं और वर्तमान में मधुकम स्थित अपनी नानी के घर पर रहकर पढ़ाई कर रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि वे मात्र 24 वर्ष की उम्र में आदिवासी समुदाय की सबसे कम उम्र की अभ्यर्थी हैं, जिनका ट्रिपल आईटी, रांची में इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में पीएचडी कोर्स के लिए चयन हुआ है। सविता टेक्निकल फील्ड में पहली ट्राइबल रिसर्च स्कॉलर भी हैं और उन्होंने IEEE में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नॉवेल्टी रिसर्च वर्क प्रस्तुत किया है।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सविता कच्छप की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि वे अपनी पढ़ाई और शोध कार्य जारी रखें। राज्य सरकार उनकी हरसंभव मदद करेगी। मुख्यमंत्री ने युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए अबुआ सरकार के प्रयासों को भी रेखांकित किया। इस अवसर पर सविता कच्छप के परिजन एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।


















