झारखंड विधानसभा का मॉनसून सत्र शुरू, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने विधानसभा अध्यक्ष का किया स्वागत
रांची। झारखंड विधानसभा के षष्ठम (मॉनसून) सत्र की शुरुआत हुई। सत्र के पहले दिन विधानसभा परिसर में सरकार और विधानसभा के शीर्ष पदाधिकारियों के बीच मुलाकात का माहौल देखने को मिला। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया तथा मॉनसून सत्र के सफल, संचालन के लिए शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि सत्र के दौरान राज्य के विकास, जनकल्याण और विभिन्न महत्वपूर्ण विधायी विषयों पर सकारात्मक एवं रचनात्मक चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विधानसभा राज्य की सर्वोच्च विधायी संस्था है और सदन की कार्यवाही जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप संचालित होनी चाहिए।

विधानसभा परिसर में संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने भी मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन का स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री का स्वागत मुख्य सचिव अविनाश कुमार, अपर मुख्य सचिव (मंत्रिमंडल सचिवालय एवं समन्वय विभाग) वंदना दादेल, डीजीपी तदाशा मिश्रा तथा झारखंड विधानसभा के प्रभारी सचिव रंजीत कुमार ने किया।

मॉनसून सत्र के पहले दिन सरकार और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी के बीच सत्र की औपचारिक शुरुआत हुई। माना जा रहा है कि इस सत्र में राज्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण विधेयकों, नीतिगत निर्णयों, वित्तीय विषयों और छात्र आंदोलन के मुद्दों पर चर्चा होगी। विपक्ष छात्र आंदोलन को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है, उसकी एक झलक आज देखने को मिल गयी ।




















