कांग्रेस मुद्दाविहीन पार्टी, MMDR संशोधन का विरोध बेबुनियाद: आदित्य साहू

रांची: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने MMDR संशोधन अधिनियम को लेकर कांग्रेस के विरोध पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कांग्रेस को मुद्दाविहीन पार्टी बताते हुए कहा कि अधिनियम का विरोध केवल जनता को गुमराह करने और असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में आदित्य साहू ने कहा कि कांग्रेस अच्छे कानूनों और नीतियों को तोड़-मरोड़कर पेश करने की राजनीति करती रही है। उन्होंने दावा किया कि पूरे देश में इस संशोधन का व्यापक विरोध नहीं हो रहा है, जबकि झारखंड में कांग्रेस इसके नाम पर लोगों को भ्रमित कर रही है।
आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने झारखंड को ‘एटीएम’ की तरह इस्तेमाल किया और खनिज संपदा से जुड़े मामलों में लूट-खसोट की। उन्होंने कहा कि कोयले से होने वाली कथित काली कमाई पर रोक लगने की आशंका के कारण कांग्रेस में छटपटाहट है। भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस के इन प्रयासों का सड़कों पर उतरकर जवाब देंगे।

उन्होंने झारखंड में खनिजों पर लगाए जा रहे सेस पर भी सवाल उठाया। साहू ने कहा कि राज्य में आयरन ओर पर 600 रुपये और कोयले पर 450 रुपये प्रति टन सेस लिया जा रहा है, जबकि पड़ोसी राज्यों में दरें कम हैं। ऐसे में झारखंड के उद्यमी महंगा कोयला और आयरन ओर क्यों खरीदेंगे, यह राज्य सरकार को स्पष्ट करना चाहिए।
बीसीसीएल का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी में बड़े पैमाने पर चोरी हो रही है और स्थिति खराब है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा सीआईएसएफ की तैनाती से चोरी पर लगाम लगाने की कोशिश की गई है। इसी तर्ज पर चतरा, लातेहार, दुमका और गोड्डा सहित अन्य जिलों में भी खनिज संपदा की सुरक्षा के लिए केंद्रीय बलों की तैनाती का आग्रह गृह मंत्री से किया गया है।

आदित्य साहू ने कांग्रेस पर आंदोलनों को प्रभावित करने और मुद्दों को भटकाने का आरोप लगाते हुए कहा कि झारखंड आंदोलन के दौरान भी कांग्रेस की भूमिका संदिग्ध रही थी। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस के पुराने कार्यकाल और उसकी राजनीति को अच्छी तरह समझ चुकी है। प्रेसवार्ता में प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, प्रदेश प्रवक्ता संदीप वर्मा और शोभा यादव मौजूद रहीं।
















