राज्य स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों का उपायुक्त ने किया निरीक्षण
रांची : उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने मोरहाबादी मैदान में आगामी 15 एवं 16 नवम्बर 2025 को आयोजित होने वाले झारखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को भव्य, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने मंच निर्माण, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, स्वागत द्वार एवं बैठने की व्यवस्था** आदि बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने संबंधित विभागों एवं एजेंसियों को निर्धारित समय-सीमा के अंदर सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे करने का स्पष्ट निर्देश दिया ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
इस मौके पर उपविकास आयुक्त सौरभ कुमार भुवनिया, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश्वरनाथ आलोक, अनुमंडल पदाधिकारी सदर उत्कर्ष कुमार, पीडी आइटीडीए संजय भगत, पुलिस अधीक्षक नगर पारस राणा, जिला नजारत उपसमाहर्ता सुदेश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय और जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार मौजूद रहे।
इसके अतिरिक्त विभिन्न एजेंसियों के प्रतिनिधि भी मौके पर मौजूद रहे और कार्यों की प्रगति से अवगत कराया। उपायुक्त ने सभी को राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप सर्वोत्तम व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।


















