छठ पर्व को लेकर सरकार द्वारा प्रदत्त रियायत को छूट न समझें.

Share
Link copied

हजारीबाग, कुंदन लाल.

छठ्ठ पर्व को लेकर सरकार द्वारा नए गाइडलाइन के साथ छठ के आयोजन को लेकर विभिन्न छठ्ठ घाट आयोजन समितियों, प्रशासनिक पदाधिकारियों तथा सभी थाना प्रभारियों के साथ हजारीबाग जिले के डीसी आदित्य कुमार आनन्द एवं एसपी कार्तिक एस की संयुक्त अध्यक्षता में विधि व्यवस्था को लेकर एक बैठक गुरुवार को सूचना भवन में सम्पन्न हुई। डीसी आदित्य कुमार आनन्द ने कहा कि कोरोना संक्रमण के सम्भावित खतरों एवं छठ्ठ महापर्व के दौरान निर्धारित समय अवधि में भीड़-भाड़ की सम्भावना को लेकर आम लोगों तथा पूजा आयोजन समितियों से कहा कि छोटे बच्चे एवं बुजुर्ग अनावश्यक भीड़-भाड़ वाली जगह पर जाने से बचे एवं बाहर निकलने पर मास्क के उपयोग एवं दो गज दूरी के लिए लोगों को प्रोत्साहित करें।

प्रशासनिक स्तर पर भीड़-भाड़ प्रबंधन के लिए घाट वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग तथा घाटों पर स्थित जल स्रोतों पर फेंसिंग आदि की व्यवस्था कई जगहों पर प्रशासनिक स्तर पर भी कराई जा रही है। उन्होंनें कहा कि आयोजन समिति के लोग भी भीड़-भाड़ प्रबंधन के लिए बैरिकेडिंग तथा फेंसिंग की व्यवस्था करें। वहीं मास्क तथा सैनिटाइजर की व्यवस्था आयोजन समिति अपने स्तर से करेंगें। डीसी श्री आनन्द ने अपील करते हुए कहा कि जहाँ तक सम्भव हो लोग अपने घरों पर ही अर्ध देने को प्राथमिकता दें। आयोजन समितियों को पटाखा नहीं फोड़ने,साफ-सफाई एवं यत्र-तत्र ना थूंकने जैसे प्रतिबन्धों को सुनिश्चित करवाने एवं अनिवार्य रूप से घाटों पर उपस्थित लोगों को कोरोना से बचाव को लेकर जागरूक करने का निर्देश दिया।

डीसी श्री आनन्द ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में परम्परागत छठ्ठ घाटों के अलावे उपलब्ध अन्य जल स्रोतों पर भी अर्ध के लिए लोगों को प्रेरित करें, ताकि एक जगह भीड़-भाड़ ना हो पाए। इसके लिए जिले के सभी बीडीओ एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया। साथ ही डीसी श्री आनन्द ने थाना प्रभारी एवं बीडीओ को खतरनाक छठ्ठ घाटों का स्वयं से निरीक्षण कर जरूरी सुरक्षा उपाय समय से पूर्व सुरक्षित कर लेने को कहा। वहीं हजारीबाग जिले के एसपी कार्तिक एस ने थाना प्रभारियों को स्थानीय परिस्थिति के हिसाब से छठ्ठ आयोजन स्थल को सुरक्षित बनाने एवं सरकारी निर्देशों का पालन कराने में आयोजन समितियों के सहयोग को सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। वहीं आयोजन समिति की ओर से जिला प्रशासन को भरोसा दिलाया कि सरकारी निर्देश के अनुपालन के साथ-साथ कोरोना रोक-थाम के लिए सरकार के गाइडलाइन एवं आम जनों की सुरक्षा के लिए समिति अपने स्तर से प्रयास करेंगी।

इस अवसर पर एसपी कार्तिक एस ने छठ्ठ महापर्व की शुभकामना देते हुए कहा,कि छठ्ठ पर्व को आस्था के साथ मनाए उत्सव का स्वरूप ना दें, बल्कि सामाजिक दूरी का पालन एवं मास्क का प्रयोग करते हुए कोरोना रोक-थाम में सहयोग करें। उन्होंनें बताया कि छठ्ठ पर्व के बाद कोरोना जाँच का विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस अवसर पर डीसी श्री आनन्द एवं एसपी कार्तिक एस के अलावे सदर और बरही एसडीओ, पुलिस प्रशासन, बीडीओ, जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं अन्य उपस्थित थे।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow