टाटानगर रेलवे स्टेशन में प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण शिविर का आयोजन
टाटानगर रेलवे स्टेशन के सभागार में रेल सिविल डिफेंस के तत्वावधान में एक दिवसीय प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर टाटानगर सब डिविजनल रेल अस्पताल के उप मुख्य चिकित्सा अधीक्षक कितलू मुर्मू की अध्यक्षता में आयोजित हुआ।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!शिविर में सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने बताया कि प्राकृतिक आपदा हो या मानव-निर्मित आपदा, दोनों ही स्थितियों में जान-माल की भारी क्षति होती है। ऐसी परिस्थितियों में प्राथमिक चिकित्सा का ज्ञान मानव जीवन की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य रेलवे स्टेशन पर कार्यरत कर्मचारियों और रेल सुरक्षा बल के जवानों को छोटी-बड़ी दुर्घटनाओं में घटनास्थल पर त्वरित और कुशल प्राथमिक चिकित्सा प्रदान करने में सक्षम बनाना था।
उप मुख्य चिकित्सा अधीक्षक कितलू मुर्मू ने सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) देने की विधि को विस्तार से समझाया और डीफाइब्रिलेटर मशीन के उपयोग का प्रदर्शन किया। उन्होंने ऑगमेंट फर्स्ट एड किट में उपलब्ध चिकित्सा सामग्री, मिनी ऑक्सीजन सिलेंडर, सर्वाइकल कॉलर, फुट सक्शन, और हैंड सक्शन के उपयोग की जानकारी दी।
रेल अस्पताल के ड्रेसर जवाहर कर्मकार ने विभिन्न प्रकार की पट्टियों को बांधने की तकनीक सिखाई। सिविल डिफेंस डेमोस्ट्रेटर अनामिका मंडल ने ट्रायंगलर बैंडेज का प्रदर्शन किया, जबकि डेमोस्ट्रेटर अनिल कुमार सिंह ने हड्डी टूटने की स्थिति में स्प्लिंट बांधने की प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया।
शिविर में स्टेशन के डिप्टी सीटीआई जितेंद्र कुमार, राजेश कुमार गुप्ता, एसएस जेके वर्मा, बीके मिश्रा, चीफ ओएस, रेल सुरक्षा बल के सब इंस्पेक्टर यू. सिंह, रिकिं कुमारी, एस.आर. कुमारी, प्रतिमा कुमारी, जी.के. मांझी, अंकित कुमार रंजन, विकास कुमार सहित कई कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने किया। यह प्रशिक्षण रेलवे कर्मचारियों और जवानों को आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन रक्षा के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

















