अघोराचार्य बाबा कीनाराम का लोलार्क षष्ठी पर्व रांची में बाल दिवस के रूप में हर्षोल्लास से संपन्न
रांची : श्री सर्वेश्वरी समूह की राँची शाखा, औघड़ भगवान राम आश्रम, अघोर पथ में शुक्रवार को अघोराचार्य बाबा कीनाराम का लोलार्क षष्ठी पर्व बाल दिवस के रूप में उत्साहपूर्वक मनाया गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!इस अवसर पर प्रातःकाल आश्रम में साफ-सफाई के बाद अघोराचार्य बाबा कीनाराम का विशेष पूजन और आरती की गई। इसके पश्चात सदग्रंथ *सफल योनि* का सामूहिक पाठ किया गया। कार्यक्रम में दीप प्रज्वलन और मंगलाचरण के साथ बाल दिवस के उपलक्ष्य में दो आयु वर्गों (0-7 वर्ष और 8-12 वर्ष) में कविता पाठ प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में लगभग 20 बच्चों ने उत्साह और उमंग के साथ अपनी कविताएँ प्रस्तुत कीं, जिन्हें उपस्थित श्रद्धालुओं ने खूब सराहा।
प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार प्रदान किए गए। निर्णायक मंडली में श्रीमती नयन मंजरी बक्सराय और श्रीमती मीरा सहाय ने अंक प्रदान किए। कार्यक्रम का संचालन शांभवी शाहदेव ने कुशलतापूर्वक किया।
लोलार्क षष्ठी पर्व का समापन सामूहिक प्रसाद वितरण के साथ हुआ, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह आयोजन न केवल धार्मिक, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक दृष्टिकोण से भी बच्चों में रचनात्मकता और उत्साह को बढ़ावा देने वाला रहा।


















