हाथी के नजदीक फोटो-वीडियो लेने से बचें, वन विभाग की लोगों से अपील

हाथी के नजदीक फोटो-वीडियो लेने से बचें, वन विभाग की लोगों से अपील

Share
Link copied

शंभू कुमार सिंह 

सिमडेगा शहर से सटे गरजा गांव के आसपास सड़क पर एक हाथी के आने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तुरंत हरकत में आई। रेंजर शंभू शरण चौधरी, वनपाल दीपक सिंह, अघोरेश शरण और अन्य कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान कुछ लोग हाथी का फोटो और वीडियो लेते नजर आए, जिन्हें वन विभाग की टीम ने समझा-बुझाकर वहां से हटाया।

रेंजर शंभू शरण चौधरी ने लोगों से अपील की कि वे हाथी को बेवजह छेड़ें या परेशान न करें। उन्होंने कहा कि फोटो और वीडियो लेने की कोशिश से हाथी आक्रोशित हो सकता है, जो खतरनाक साबित हो सकता है। रेंजर ने लोगों से पूरी सावधानी बरतने, सतर्क रहने और हाथी के आसपास भीड़ न लगाने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि यह हाथी अपने समूह से भटककर शहर के आसपास पहुंच गया है।

सूचना मिलते ही एसडीपीओ बैजू उरांव और थाना प्रभारी रोहित कुमार रजक भी मौके पर पहुंचे और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए प्रेरित किया। देर शाम झामुमो जिला सचिव सफीक खान ने भी गरजा गांव पहुंचकर वन विभाग के अधिकारियों से हाथी को शहर से दूर खदेड़ने की मांग की। साथ ही, उन्होंने भी लोगों से हाथी के आसपास न जाने की अपील की।

वन विभाग और प्रशासन ने लोगों से अनुरोध किया है कि वे इस तरह की स्थिति में सावधानी बरतें और अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow