गढ़वा: राशन कार्ड बनवाने आई विधवा को मिला ‘धोखा’, नाजीर पर दुष्कर्म का आरोप; FIR दर्ज
गढ़वा: झारखंड के गढ़वा जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। राशन कार्ड बनवाने के लिए सरकारी दफ्तर पहुंची एक विधवा महिला को विभाग के ही एक नाजीर ने शादी का झांसा देकर कथित तौर पर अपना शिकार बनाया। अब शादी से इनकार करने पर पीड़िता ने न्याय की गुहार लगाई है।
क्या है पूरा मामला?
पीड़िता ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह वर्ष 2023 में अपने राशन कार्ड के काम से जिला आपूर्ति कार्यालय गई थी। वहां उसकी मुलाकात नाजीर अजय कुमार से हुई। पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने काम जल्दी कराने का भरोसा देकर उसका मोबाइल नंबर लिया और फिर बातचीत शुरू कर दी। धीरे-धीरे बातों का सिलसिला प्यार में बदल गया और आरोपी ने उसे शादी का वादा किया।
कुंभ में सिंदूर भरकर दिया था पत्नी का दर्जा
महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। इतना ही नहीं, पीड़िता ने दावा किया है कि कुंभ मेले के दौरान आरोपी ने उसकी मांग में सिंदूर भरकर उसे पत्नी के रूप में स्वीकार करने का आश्वासन दिया था। हालांकि, जब महिला ने शादी को लेकर दबाव बनाया, तो आरोपी ने साफ इनकार कर दिया।
प्रशासनिक कार्रवाई और पुलिस जांच
इस मामले के सामने आते ही जिले के प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। गढ़वा के उपायुक्त (DC) ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला आपूर्ति पदाधिकारी को संबंधित नाजीर के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने और उसे मूल विभाग में वापस भेजने का कड़ा निर्देश दिया है।
वहीं, सदर थाना पुलिस ने पीड़िता के आवेदन पर प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संपर्क किए जाने पर आरोपी नाजीर अजय कुमार ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने इसे पूरी तरह से निराधार और गलत बताया है।
इसे भी पढ़े :
लोहरदगा: कुड़ू थाना परिसर में लगा जनता दरबार, एसपी ने सुनी फरियाद; मौके पर हुए कई मामलों का निपटारा
















