दिल्ली में शुभांशु शुक्ला का भव्य स्वागत: अंतरिक्ष यात्री की स्वदेश वापसी पर उमड़ा जनसैलाब
नई दिल्ली : भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला नासा के एक्सिओम-4 मिशन के तहत अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) की ऐतिहासिक यात्रा पूरी कर स्वदेश लौट गए हैं। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनका जोरदार स्वागत हुआ। रविवार तड़के उनकी वापसी पर केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, इसरो के अध्यक्ष डॉ. वी. नारायणन, और बड़ी संख्या में छात्रों व नागरिकों ने “भारत माता की जय” के नारों के साथ उनका अभिनंदन किया। शुभांशु के साथ उनकी पत्नी कामना शुक्ला और बेटा भी मौजूद थे।
शुभांशु शुक्ला 1984 में विंग कमांडर राकेश शर्मा के बाद अंतरिक्ष में जाने वाले पहले भारतीय बने, जिन्होंने आईएसएस का दौरा किया। 25 जून को फ्लोरिडा के कैनेडी स्पेस सेंटर से शुरू हुआ उनका 18-दिवसीय एक्सिओम-4 मिशन 26 जून को आईएसएस से जुड़ा और 15 जुलाई को पृथ्वी पर लौटा। इस मिशन में उन्होंने 60 से अधिक वैज्ञानिक प्रयोग और 20 जनसंपर्क सत्र पूरे किए। उनके साथ गगनयान मिशन के बैकअप अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन प्रशांत बालकृष्णन नायर भी भारत लौटे।
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने एक्स पर लिखा, “भारत का अंतरिक्ष गौरव भारतीय धरती पर लौटा। मां भारती के सपूत गगनयात्री शुभांशु शुक्ला का स्वागत करना मेरे लिए गर्व का क्षण है।” दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी उनकी उपलब्धि को भारत के लिए ऐतिहासिक बताते हुए सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कीं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुभांशु की उपलब्धि की सराहना की। पीएम मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर कहा, “शुभांशु की उपलब्धि से देश गौरवान्वित है। यह गगनयान मिशन और भारत के स्वदेशी अंतरिक्ष स्टेशन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।” इसरो ने भी इस मिशन को भारत की मानव अंतरिक्ष यात्रा की दावेदारी का प्रमाण बताया। शुभांशु जल्द ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर सकते हैं।
















