हॉकी की नर्सरी सिमडेगा में क्रिकेट का बढ़ता क्रेज, ग्रामीण प्रतिभाएं गढ़ रही नई पहचान

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा: देशभर में हॉकी की नर्सरी के रूप में प्रसिद्ध सिमडेगा अब क्रिकेट के क्षेत्र में भी अपनी नई पहचान बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। जिले के सुदूर ग्रामीण इलाकों में सीमित संसाधनों के बावजूद बच्चों का क्रिकेट के प्रति जुनून देखने लायक है। कहीं थेथर के डंडों को विकेट बनाया जा रहा है तो कहीं लकड़ी के तख्तों के टुकड़ों से बल्ला तैयार कर बच्चे क्रिकेट की बारीकियां सीख रहे हैं। शरीफा के फल या साधारण गेंद से खेले जा रहे ये मुकाबले ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाते हैं।
जिला क्रिकेट एसोसिएशन के प्रयासों का सकारात्मक परिणाम भी सामने आने लगा है। जिले के कई खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं से लेकर रणजी ट्रॉफी तक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। वहीं, जिला क्रिकेट एसोसिएशन के श्रीराम पुरी को पहली बार झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) की टीम का मैनेजर बनाए जाने के दौरान झारखंड ने 2025-26 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जीतकर इतिहास रचा। इस उपलब्धि के बाद विजेता ट्रॉफी को सिमडेगा लाया गया, जिससे जिले के युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा मिली।

सिमडेगा केवल हॉकी ही नहीं, बल्कि कुश्ती, तीरंदाजी, एथलेटिक्स समेत अन्य खेलों में भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा चुका है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि यदि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और नियमित प्रतियोगिताओं का अवसर मिले, तो सिमडेगा भविष्य में बहु-प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की नर्सरी के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान स्थापित कर सकता है।
ग्रामीण प्रतिभाओं के उत्साह और खेलों के प्रति बढ़ती जागरूकता को देखते हुए यह कहना गलत नहीं होगा कि सिमडेगा अब हॉकी के साथ-साथ क्रिकेट की नई पौध भी तैयार कर रहा है।















