गुमला की बेटियां बनीं झारखंड की चैंपियन, पूरे टूर्नामेंट में नहीं खाया एक भी गोल

निर्मल सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!गुमला: राज्य स्तरीय 65वीं सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल प्रतियोगिता-2026 के अंडर-17 बालिका वर्ग में गुमला की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए झारखंड चैंपियन का खिताब अपने नाम कर लिया। खास बात यह रही कि टीम ने पूरे टूर्नामेंट में एक भी गोल नहीं खाया और विपक्षी टीमों के लिए अभेद्य दीवार साबित हुई।
संत पात्रिक उच्च विद्यालय, गुमला की छात्राओं से सजी टीम ने प्रशिक्षक वीणा केरकेट्टा के मार्गदर्शन और कप्तान सबरनी कुमारी के नेतृत्व में शानदार खेल का प्रदर्शन किया। टीम ने लीग चरण से लेकर फाइनल तक कुल छह मुकाबलों में 37 गोल दागे और सभी मैच जीतकर खिताब पर कब्जा जमाया।
प्रतियोगिता में गुमला ने हजारीबाग को 1-0, कोल्हान को 11-0, संथाल को 1-0 और पलामू को 11-0 से हराया। सेमीफाइनल में कोल्हान को एक बार फिर 11-0 से शिकस्त दी। फाइनल मुकाबले में हजारीबाग को 2-0 से पराजित किया, जिसमें दोनों गोल कप्तान सबरनी कुमारी ने किए।

इस जीत के साथ गुमला की टीम ने 18 अगस्त 2026 से नई दिल्ली में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करने का अधिकार हासिल कर लिया है।
प्रतियोगिता के समापन पर झारखंड शिक्षा परियोजना के राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन और कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन सोरेंग ने विजेता टीम को ट्रॉफी और मेडल प्रदान किए। वहीं उपायुक्त दिलेश्वर महतो, जिला शिक्षा पदाधिकारी कविता खलखो समेत जिले के खेल प्रेमियों ने टीम को बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

















