झारखंड में भारी बारिश का कहर, टूटे पुल, फंसे मजदूर, जनजीवन प्रभावित,दृष्टि नाउ न्यूज़ के ऑफिस में घुसा पानी , पूरे झारखंड की डिटेल खबर
रांची, 19 जून : झारखंड में पिछले 36 घंटों से जारी मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। खूंटी, लोहरदगा, गढ़वा, रांची, हजारीबाग, और चतरा समेत कई जिलों में नदियां उफान पर हैं, पुल टूट गए हैं, और कई लोग संकट में हैं। बारिश के कारण हुए हादसों में कई लोगों की जान गई है, जबकि राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
खूंटी में टूटा बनई नदी का पुल, आवागमन ठप
खूंटी जिले के तोरपा प्रखंड में बनई नदी पर बना उच्च स्तरीय पुल भारी बारिश के कारण गुरुवार को धंस गया। इससे खूंटी-सिमडेगा मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। यह मार्ग रांची, खूंटी, सिमडेगा, ओडिशा, और छत्तीसगढ़ को जोड़ता है और बाबा आम्रेश्वर धाम के लिए भी महत्वपूर्ण है।
हादसे के समय एक ट्रक पुल पर फंस गया था, लेकिन चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय प्रशासन और NDRF ने बचाव कार्य शुरू कर दिया है। वैकल्पिक मार्गों के जरिए यातायात को संचालित करने की कोशिश की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल पहले से जर्जर था, लेकिन भारी वाहनों का आवागमन जारी था।
करकरी नदी पर फंसे छह मजदूर, बचाव कार्य जारी
खूंटी के अड़की थाना क्षेत्र में सोनपुर और डोरेया के बीच करकरी नदी पर निर्माणाधीन पुल पर छह मजदूर फंस गए हैं। बुधवार शाम से बढ़ते जलस्तर ने इन मजदूरों की जान को खतरे में डाल दिया है। फंसे मजदूरों में रोहित समेत छह लोग शामिल हैं, जो रामगढ़ और डालटेनगंज के निवासी बताए जा रहे हैं।
NDRF और स्थानीय प्रशासन बचाव कार्य में जुटा है, लेकिन तेज बहाव और बढ़ता जलस्तर चुनौती बना हुआ है। आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई है, जो मजदूरों की सलामती की दुआ कर रहे हैं।
लोहरदगा में कोयल और शंख नदियां उफान पर
लोहरदगा जिले में कोयल और शंख नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। कोयल नदी का पानी पुराने पुल के ऊपर से बह रहा है, जिससे यातायात पूरी तरह ठप है। निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। स्थानीय प्रशासन ने अलर्ट जारी कर लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।
गढ़वा में बाढ़ से करोड़ों का नुकसान
गढ़वा जिले में कोयल नदी में आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। गढ़वा और पलामू को जोड़ने वाली नदी पर बन रहे पुल का निर्माण सामग्री बह गया, जिससे करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ। हालांकि, अभी तक जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है।
रांची में मासूम की मौत, मुरहू में दो बच्चों का निधन
रांची के तमाड़ थाना क्षेत्र के मुरपा गांव में भारी बारिश के कारण एक कच्चा मकान ढह गया, जिसमें 6 साल की एक मासूम बच्ची की दबकर मौत हो गई। तमाड़ पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स, रांची भेज दिया है।
वहीं, खूंटी के मुरहू थाना क्षेत्र में एक निर्माणाधीन कुएं की मिट्टी धंसने से दो बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। NDRF ने कई घंटों की मशक्कत के बाद शव बरामद किए। बारिश और कीचड़ के कारण बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आईं।
हजारीबाग-चतरा में बाढ़ का प्रकोप
हजारीबाग और चतरा सीमा पर चंदरू धाम सूर्य मंदिर परिसर बाढ़ की चपेट में है। मंदिर का केवल ऊपरी हिस्सा दिखाई दे रहा है। टंडवा में एक बाइक सवार बाढ़ में बहते-बहते बचा, जिसे स्थानीय लोगों ने बचाया। आशियाना वुडलैंड में पानी घुसने से लोग नावों के जरिए रेस्क्यू किए जा रहे हैं। NH-33 पर काली मंदिर के पास जलजमाव से वाहनों की लंबी कतार लग गई है। प्रशासन ने हाइवे को काटकर पानी निकालने की कोशिश शुरू की है।

रांची जल जमाव से लोग परेशान दृष्टि नाउ के ऑफिस में घुसा पानी
रांची में नगर निगम को पहले क्या सभी को मालूम था की बारिश होगी ,और रांची के सिरम टोली चौक पर बन रहे पुल और नाला की रिपोर्ट भी रांची नगर निगम को थी । लेकिन नगर निगम ने कोई ध्यान नहीं दिया ऐसे में नया ब्रिज तो बन गया लेकिन यह नया ओवरब्रिज सिर्फ नया लोगों के लिए है। यहां रहने वाले लोगों के लिए तो वही दंश झेलना पड़ रहा है क्योंकि नालिया जो सुजाता चौक से होकर पटेल चौक होते हुए स्टेशन रोड की ओर निकलती है । उन नालियों का कनेक्टिंग कहीं नहीं दिखाई देता जिसके कारण महिंद्रा शोरूम, गुरु नानक मेडिकल हॉल और दृष्टि नाव के ऑफिस में पानी घुस गया । हालात ये है कि दुकान बंद कर देनी पड़ी वहीं दृष्टि नाव के ऑफिस में आज कोई वर्क नहीं हुआ बल्कि यह खबर भी आपको मोबाइल से बना कर दी जा रही है

जमशेदपुर में ढही एयरपोर्ट की दीवार
जमशेदपुर के सोनारी एयरपोर्ट की दीवार लगातार बारिश के कारण ढह गई। सौभाग्य से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, लेकिन बारिश ने शहर में कई जगहों पर जलजमाव की स्थिति पैदा कर दी है।
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों तक झारखंड में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से नदियों और नालों से दूर रहने की अपील की है। NDRF और SDRF की टीमें राहत कार्य में जुटी हैं, लेकिन बढ़ता जलस्तर स्थिति को और गंभीर बना रहा है।