हिमांशु सिंह हत्याकांड: पीड़ित परिवार से मिले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग

आदित्यपुर: करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह हत्याकांड को लेकर भाजपा का शीर्ष नेतृत्व लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। शनिवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने आदित्यपुर के हरिओम नगर स्थित हिमांशु सिंह के आवास पहुंचकर शोकाकुल परिवार से मुलाकात की। उन्होंने हिमांशु के पिता अरविंद सिंह और अन्य परिजनों को सांत्वना देते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
प्रदेश अध्यक्ष ने परिजनों से घटना की पूरी जानकारी ली और कहा कि हिमांशु सिंह की हत्या अत्यंत दुखद एवं चिंताजनक है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, सभी फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और न्याय मिलने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि जरूरत पड़ने पर पार्टी इस मुद्दे को सरकार के समक्ष भी प्रमुखता से उठाएगी। साथ ही राज्य की कानून-व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाना सरकार की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व विधायक अमर बाउरी, भाजपा नेता भानुप्रताप साहू तथा प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह भी मौजूद रहे। सभी नेताओं ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ त्वरित और सख्त कार्रवाई ही पीड़ित परिवार को न्याय दिला सकती है।
गौरतलब है कि हिमांशु सिंह की हत्या के बाद जमशेदपुर और पूरे कोल्हान क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। घटना के विरोध में विभिन्न सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों द्वारा प्रदर्शन किए गए हैं। भाजपा ने स्पष्ट किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच, सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने तक पार्टी उनके साथ खड़ी रहेगी।

















