गिरिडीह में पति-पत्नी हत्याकांड का खुलासा, 7 आरोपी गिरफ्तार

गिरिडीह : मधुबन थाना क्षेत्र के दलानचकरी टोला तिरिलटांड में 02/03 जून 2026 की रात हुए पति-पत्नी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। भूमि विवाद और जादू-टोना के संदेह को लेकर की गई इस वारदात में पति-पत्नी की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो सभी मृतकों के ही परिवार से जुड़े बताए जा रहे हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जानकारी के अनुसार, पतिया हांसदा और उनकी पत्नी परसनी देवी पर अज्ञात अपराधियों ने धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई थी। इस संबंध में मधुबन थाना में कांड संख्या 06/26, धारा 103(1)/3(5) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी डॉ. बिमल कुमार ने डुमरी एसडीपीओ आबिद खान के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया। जांच के दौरान मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि भूमि विवाद और जादू-टोना के आरोप में सुनियोजित साजिश के तहत हत्या की गई थी।
पुलिस के अनुसार, रमेश हांसदा, पाण्डु हांसदा और विजय हांसदा ने धारदार हथियार से दोनों की हत्या की, जबकि दोमा हांसदा, बब्लू हांसदा, मोती हांसदा और सिकरा हांसदा ने इस वारदात में सहयोग किया। सभी आरोपियों ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक गुलाबी सूती गमछा, एक लोहे की तलवार, दो लोहे के छुरे, काला जींस, उजला हाफ टी-शर्ट और दो गमछे बरामद किए हैं। बरामद कपड़ों पर खून जैसे धब्बे पाए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में रमेश हांसदा, पाण्डु हांसदा, विजय हांसदा, दोमा हांसदा, बब्लू हांसदा, मोती हांसदा और सिकरा हांसदा शामिल हैं, जो सभी ग्राम दलानचकरी, जाहेर टोला, थाना मधुबन के निवासी बताए गए हैं।
छापामारी दल में डुमरी एसडीपीओ आबिद खान, अंचल निरीक्षक पूर्णेन्द्र प्रसाद महतो, मधुबन थाना प्रभारी दीपेश कुमार, खुखरा थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार सिंह, पीरटांड प्रभारी जितेन्द्र सिंह बिष्ट सहित तकनीकी शाखा एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।
















