झारखंड पात्रता परीक्षा-2024 को लेकर प्रशासन अलर्ट, समाहरणालय में हुई अहम बैठक

रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) द्वारा आयोजित झारखंड पात्रता परीक्षा-2024 (विज्ञापन संख्या 08/2025) के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी आयोजन को लेकर शुक्रवार को रांची समाहरणालय स्थित ब्लॉक-ए सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा संचालन, सुरक्षा व्यवस्था और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रांची मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय ने की। बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी विनय कुमार, सभी जोनल एवं स्टैटिक दंडाधिकारी, केंद्र अधीक्षक और परीक्षा कार्य से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान एडीएम धनंजय ने परीक्षा से जुड़े सभी मानकों पर चर्चा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखने, नकल एवं अन्य अनियमितताओं पर रोक लगाने, परीक्षार्थियों की सुविधाओं का ध्यान रखने तथा परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और शांति के साथ संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार झारखंड पात्रता परीक्षा-2024 का आयोजन 14 जून 2026 (रविवार) को रांची जिले के पांच उप-केंद्रों पर एक पाली में किया जाएगा। परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक निर्धारित किया गया है।
प्रशासन की ओर से परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बलों की तैनाती, चिकित्सा सुविधा, फायर ब्रिगेड और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही परीक्षार्थियों को समय से परीक्षा केंद्र पहुंचने और आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
बैठक में एडीएम धनंजय ने कहा कि यह परीक्षा राज्य के युवाओं के भविष्य से जुड़ी हुई है, इसलिए इसे पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का निर्देश दिया। जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि परीक्षा के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और हर स्तर पर निगरानी रखी जा रही है।
















