क्राइम मीटिंग में सिमडेगा एसपी ने थाना प्रभारियों को दिए अपराध नियंत्रण के निर्देश
शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा : जिले की विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पुलिस अधीक्षक (एसपी) एम अर्शी की अध्यक्षता में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभाकक्ष में एक क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। इस बैठक में सभी थाना प्रभारियों और पुलिस पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। एसपी ने अपराध नियंत्रण, नक्सल गतिविधियों पर अंकुश, लंबित मामलों की समीक्षा, और आगामी त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी एम अर्शी ने जोर देकर कहा कि जांच की गुणवत्ता से ही केस डायरी मजबूत होती है, जिससे अपराधियों को जल्द सजा दिलाने में मदद मिलती है। बैठक में लंबित मामलों की समीक्षा की गई और अनुसंधान को और प्रभावी बनाने पर बल दिया गया। इसके अलावा, सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए विशेष अभियान चलाने पर चर्चा हुई, जिसमें सभी थाना प्रभारियों को विशेष निर्देश दिए गए।
एसपी ने नक्सल नियंत्रण, एलआरपी (लॉन्ग रेंज पेट्रोलिंग) अभियान, और अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी विस्तृत चर्चा की। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सक्रिय और सतर्क रहने का निर्देश दिया।


















