मुहर्रम को लेकर पुलिस अलर्ट, क्राइम मीटिंग में एसपी ने दिए सख्त निर्देश

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा: आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर सिमडेगा पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में शुक्रवार को क्राइम मीटिंग आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोटरे ने की। बैठक में जिले के सभी थाना प्रभारी एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान एसपी ने विभिन्न थानों में लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए अनुसंधान कार्य को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मजबूत अनुसंधान और सटीक केस डायरी अपराधियों को न्यायालय से सजा दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसलिए सभी पुलिस पदाधिकारी जांच की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें।
क्राइम मीटिंग में अपराध नियंत्रण, नक्सल गतिविधियों की रोकथाम, लंबित मामलों के निष्पादन तथा क्षेत्र में चलाए जा रहे विशेष अभियानों की भी समीक्षा की गई। एसपी ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
मुहर्रम को लेकर विशेष रूप से चर्चा करते हुए एसपी ने कहा कि जुलूस के दौरान विभिन्न मार्गों पर बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रहेगी। ऐसे में सभी थाना क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी जाए, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी की जाए तथा किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए सतर्कता बरती जाए।
उन्होंने सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखने का निर्देश देते हुए कहा कि अफवाह या भ्रामक सूचना फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही थाना प्रभारियों को स्थानीय शांति समिति के सदस्यों के साथ समन्वय बनाकर सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का निर्देश दिया गया।
एसपी ने कहा कि पुलिस प्रशासन का लक्ष्य जिले में मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना है। इसके लिए सभी आवश्यक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।















