दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट को जयपुर किया गया डायवर्ट, भड़के जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को लेकर दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट को शनिवार रात कथित तौर पर जयपुर डायवर्ट कर दिया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने दिल्ली हवाई अड्डे पर विमानों के परिचालन व्यवस्था को लेकर तीखी आलोचना की है। उमर अब्दुल्ला ने इस घटना पर नाराजगी जाहिर करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में दिल्ली हवाई अड्डे को “ब्लडी शिट शो” करार दिया। उन्होंने बताया कि जम्मू से उड़ान भरने के बाद विमान तीन घंटे तक हवा में रहा और फिर जयपुर में उतरा, जहां वे रात 1 बजे विमान की सीढ़ियों पर ताजी हवा लेने के लिए खड़े थे।
फ्लाइट जयपुर से रात 2 बजे रवाना हुई और दिल्ली में सुबह 3 बजे के बाद लैंड हुई। उमर अब्दुल्ला ने अपनी पोस्ट में इस देरी और अव्यवस्था के लिए दिल्ली हवाई अड्डे की कार्यप्रणाली की कड़ी आलोचना की। इंडिगो ने इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया था, लेकिन उन्होंने पहले श्रीनगर में खराब मौसम के कारण उड़ान संचालन में व्यवधान की चेतावनी दी थी।



















