सिमडेगा के 21वें पुलिस अधीक्षक के रूप में आईपीएस श्रीकांत सुरेश राव खोत्रे ने संभाला पदभार

सिमडेगा के 21वें पुलिस अधीक्षक के रूप में आईपीएस श्रीकांत सुरेश राव खोत्रे ने संभाला पदभार

Share
Link copied

शंभू कुमार सिंह

सिमडेगा : सिमडेगा जिले के 21वें पुलिस अधीक्षक (एसपी) के रूप में 2015 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी श्रीकांत सुरेश राव खोत्रे ने आज समाहरणालय स्थित एसपी कार्यालय में विधिवत पदभार ग्रहण किया। इससे पूर्व वे झारखंड राज्यपाल के एडीसी (पुलिस) के पद पर तैनात थे।

पदभार ग्रहण करने के बाद नव पदस्थापित एसपी खोत्रे ने परिसदन भवन में पुलिस बल द्वारा दिए गए गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया तथा सम्मान प्राप्त किया। पूर्व एसपी मोहम्मद अर्शी ने उनका औपचारिक स्वागत किया तथा आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर पद सौंपा।

इसके उपरांत एसपी खोत्रे ने उपायुक्त कंचन सिंह से उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान डीसी कंचन सिंह ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर हार्दिक स्वागत एवं शुभकामनाएं दीं।

पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में नए एसपी ने जिले को अपराध मुक्त बनाने को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा, “जिले की विधि-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखना तथा अपराध पर पूर्ण अंकुश लगाना मेरी पहली प्राथमिकता होगी। इसके लिए आम जनता का सहयोग अपेक्षित है।”

एसपी खोत्रे ने जिले की भौगोलिक स्थिति से पूरी तरह अवगत होने के बाद अपराध नियंत्रण की विस्तृत रूपरेखा तैयार करने की बात कही। उन्होंने अपने अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों से सभी चुनौतियों से निपटने में पूर्ण सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिले में हवाला-डब्बा, जुआ, नशीली दवाओं की तस्करी तथा अवैध पशु तस्करी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बढ़ते पॉक्सो मामलों को गंभीरता से लेते हुए ऐसे अपराधों में कड़ी से कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।

नए एसपी ने पुलिस-पब्लिक संबंधों को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने आम जनता को आश्वस्त किया कि उनका कार्यालय 24 घंटे खुला रहेगा, जहां कोई भी व्यक्ति निर्भीक होकर अपनी समस्या रख सकता है। साथ ही, सभी थाना प्रभारियों एवं ओपी प्रभारियों को निर्देश दिया कि जनता के साथ मित्रवत एवं सहृदय व्यवहार अपनाएं।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow