IRCTC sets a new record.

IRCTC ने बनाया नया रिकॉर्ड, एक दिन में 20.06 लाख से अधिक टिकटों की बुकिंग

नई दिल्ली। भारतीय रेलवे की ऑनलाइन टिकट बुकिंग व्यवस्था ने नया रिकॉर्ड बनाया है। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) के माध्यम से 7 सितंबर 2026 को एक ही दिन में 20,06,353 टिकटों की बुकिंग हुई। यह अब तक की सबसे अधिक एकदिवसीय टिकट बुकिंग बताई गई है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती मांग के बीच यह रिकॉर्ड बना। इसके अगले दिन 8 सितंबर को भी 19,50,699 टिकट बुक किए गए। इससे ऑनलाइन आरक्षण प्रणाली पर बढ़ते यात्री दबाव और आईआरसीटीसी की बढ़ी तकनीकी क्षमता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

पिछले रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ा

पिछले साल त्योहारी सीजन के दौरान 19 अगस्त 2025 को 18,40,203 टिकट एक दिन में बुक किए गए थे। इस बार 7 सितंबर का आंकड़ा इस रिकॉर्ड से काफी अधिक रहा।

आईआरसीटीसी के मुताबिक, वर्तमान में कुल आरक्षित टिकटों में करीब 89 प्रतिशत टिकट ऑनलाइन माध्यम से बुक किए जा रहे हैं।

RKDF
advertisement

सुबह के समय सबसे ज्यादा दबाव

टिकट बुकिंग के दौरान सुबह के शुरुआती समय में सर्वाधिक दबाव देखने को मिलता है। आंकड़ों के अनुसार सुबह 8 से 9 बजे के बीच कुल दैनिक बुकिंग का लगभग 8.43 से 14.14 प्रतिशत हिस्सा होता है।

वहीं, सुबह 8 से 8:15 बजे के बीच टिकट बुकिंग के लिए बड़ी संख्या में यात्री एक साथ प्रयास करते हैं। इसके बावजूद कुल बुकिंग का 85 प्रतिशत से अधिक हिस्सा सुबह 9 बजे के बाद सफलतापूर्वक पूरा होता है।

दोगुनी हुई सर्वर क्षमता

आईआरसीटीसी ने ऑनलाइन टिकटिंग के लिए इस्तेमाल होने वाली NGT/NGEt (Next Generation e-Ticketing) प्रणाली के सर्वर ढांचे को अपग्रेड किया है। पुराने सर्वरों की जगह नए सर्वर लगाए गए हैं, जिससे सिस्टम की क्षमता लगभग दोगुनी हुई है।

इसके साथ ही सॉफ्टवेयर ऑप्टिमाइजेशन और तकनीकी ढांचे में किए गए सुधारों से टिकट बुकिंग प्रणाली की क्षमता में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

नया यूजर इंटरफेस भी शुरू

आईआरसीटीसी ने 15 जुलाई 2026 से नए यूजर इंटरफेस का बीटा संस्करण शुरू किया है। इसे आधुनिक डिजाइन के अनुरूप तैयार किया गया है, ताकि यात्रियों के लिए टिकट बुकिंग प्रक्रिया आसान हो सके।

नए इंटरफेस में स्लीपर, एसी थ्री टियर और एसी टू टियर जैसी अलग-अलग श्रेणियों की उपलब्धता एक ही स्क्रीन पर देखने की सुविधा दी गई है। इससे यात्री विभिन्न विकल्पों की तुलना करके तेजी से टिकट बुक कर सकते हैं।

बॉट ट्रैफिक पर भी लगाम

ऑनलाइन टिकटिंग प्रणाली को सुरक्षित बनाने के लिए एंटी-बॉट तकनीक और कंटेंट डिलीवरी नेटवर्क (CDN) का इस्तेमाल किया जा रहा है। आईआरसीटीसी के अनुसार, पिछले कुछ महीनों में संदिग्ध बॉट ट्रैफिक में 55 से 65 प्रतिशत तक कमी आई है।

CDN की मदद से स्थिर सामग्री का ट्रैफिक अलग तरीके से संभाला जा रहा है, जिससे मुख्य टिकटिंग प्रणाली पर अनावश्यक दबाव कम होता है।

आईआरसीटीसी की नेटवर्क सुरक्षा टीम फर्जी वेबसाइटों और आईआरसीटीसी के नाम पर चलाए जा रहे फर्जी मोबाइल एप्लिकेशन के खिलाफ भी कार्रवाई कर रही है।

एजेंटों की बुकिंग पर भी प्रतिबंध

अधिकृत टिकट एजेंटों को अग्रिम आरक्षण अवधि (ARP) खुलने के बाद शुरुआती 10 मिनट यानी सुबह 8 बजे से 8:10 बजे तक टिकट बुक करने की अनुमति नहीं है।

इसके अलावा 12 अक्टूबर 2025 से आरक्षण खुलने के समय केवल आधार-प्रमाणित उपयोगकर्ताओं को टिकट बुक करने की अनुमति दी गई है।

आईआरसीटीसी के अनुसार, प्रत्येक अग्रिम आरक्षण दिवस पर NGEt प्रणाली ने करीब 1.33 से 1.74 करोड़ लॉगिन और 17 से 20 लाख टिकट बुकिंग को सफलतापूर्वक संभाला है।

करोड़ों यूजर आईडी पर कार्रवाई

टिकट बुकिंग प्रणाली के दुरुपयोग को रोकने के लिए आईआरसीटीसी ने बड़ी संख्या में यूजर आईडी पर कार्रवाई की है। इसके तहत करीब 3.04 करोड़ यूजर आईडी निष्क्रिय की गई हैं, जबकि 6.33 करोड़ आईडी को दोबारा सत्यापन के दायरे में रखा गया है।

इसके अलावा 16,041 संदिग्ध ईमेल डोमेन ब्लॉक किए गए हैं। वहीं, 4.21 लाख संदिग्ध पीएनआर से संबंधित 592 शिकायतें साइबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज कराई गई हैं।

बिना सिस्टम फेल हुए संभाली रिकॉर्ड बुकिंग

आईआरसीटीसी का कहना है कि एक साथ बड़ी संख्या में आने वाले अनुरोधों के बावजूद NGEt प्लेटफॉर्म में कोई बड़ी तकनीकी विफलता या सेवा बाधित होने की स्थिति नहीं आई।

लगातार बढ़ते यात्री दबाव के बीच ऑनलाइन टिकटिंग प्रणाली ने बड़ी संख्या में बुकिंग को सफलतापूर्वक संभाला। आईआरसीटीसी के मुताबिक यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक ऑनलाइन टिकट बुकिंग सुविधा देने के लिए तकनीकी ढांचे को लगातार अपग्रेड किया जाता रहेगा।

Also Read :