जमशेदपुर : नो-एंट्री में भारी वाहनों पर रोक नहीं लगी तो सड़क पर उतरूंगी : पूर्णिमा साहू
एग्रिको हादसे में पिता-पुत्र की मौत पर विधायक ने जताया गहरा दुख, प्रशासन को दी आंदोलन की चेतावनी
अश्वनी पाठक, जमशेदपुर।
एग्रिको स्थित अपने आवास के समीप हुई दर्दनाक सड़क दुर्घटना में मानगो निवासी पिता-पुत्र की मौत पर जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने गहरा दुख जताया है। सोमवार को उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि एक ही परिवार के दो सदस्यों की एक साथ असमय मौत बेहद हृदयविदारक है। घटना से पूरा शहर मर्माहत है।
विधायक ने दिवंगत पिता-पुत्र की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और परिजनों को इस कठिन घड़ी में दुख सहने की शक्ति देने की कामना की।
नो-एंट्री व्यवस्था पर उठाए सवाल
पूर्णिमा साहू ने शहर में लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में लगातार लोगों की जान जा रही है, इसके बावजूद नो-एंट्री के दौरान भारी वाहनों के परिचालन पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है।
उन्होंने सवाल किया कि जब शहर में भारी वाहनों के लिए नो-एंट्री का प्रावधान लागू है, तो इसके बावजूद ऐसे वाहन शहर की सड़कों पर कैसे पहुंच रहे हैं।
विधायक ने प्रशासन से मांग की कि नो-एंट्री के समय भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर पूरी तरह रोक सुनिश्चित की जाए। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों और संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी होनी चाहिए।
कार्रवाई नहीं हुई तो सड़क पर उतरने की चेतावनी
पूर्णिमा साहू ने प्रशासन से नो-एंट्री व्यवस्था को तत्काल सख्ती से लागू करने और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई और नो-एंट्री के दौरान भारी वाहनों का परिचालन जारी रहा, तो वह नागरिकों की सुरक्षा के मुद्दे पर संगठन के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगी।
















